ब्यूरो/अमर उजाला
ऋषिकेश।
आशुतोष नगर निवासी होमगार्ड हरीश प्रसाद सिलस्वाल की मौत फांसी लगने के बाद दम घुटने से हुई थी। 12 दिन बाद मुनिकीरेती थाना पुलिस के पास पहुंची पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है।
मुनिकीरेती पुलिस के मुताबिक आशुतोष नगर, ऋषिकेश निवासी हरीश प्रसाद सिलस्वाल (26) पुत्र रोशनलाल सिलस्वाल 12 मई को ऋषिकेश से लापता हो गया था। होमगार्ड का शव 22 मई को ढालवाला के जंगल में पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटका मिला था। उसके घुटने जमीन पर टिके थे, जिस पर परिजनों ने हत्या की आशंका जाहिर की थी। पुलिस ने मामला संदिग्ध होने के चलते शव पोस्टमार्टम के लिए नरेंद्रनगर स्थित राजकीय चिकित्सालय भिजवाया था।
थानाध्यक्ष रामकिशोर सकलानी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चिकित्सक ने मृत्यु की वजह फांसी लगने से दम घुटने के चलते होना बताया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट की बाबत परिजनों को भी अवगत कराया जा रहा है। गौरतलब है कि हरीश प्रसाद सिलस्वाल 12 मई को देहरादून मार्ग सेे संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। इस बाबत परिजनों ने ऋषिकेश कोतवाली में उन की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। यदि उसने स्वयं फांसी लगाई थी तो इसका वजह क्या रही, इसका पता नहीं लग पाया है।