ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
गुजरात के चारधाम यात्रियों से वाहन में एसी के शुल्क वसूल कर सुविधा नहीं देने पर यात्री बिफर गए। उन्होंने हरिद्वार रोड स्थित ट्रेवल एजेंट के कार्यालय पर हंगामा कर दिया। इसी बीच ट्रेवल एजेंट और यात्रियों में हाथापाई भी हुई। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही एजेंट ने यात्रियों को समझा-बुझाकर उन्हें वापस दिल्ली के लिए रवाना कर दिया। पुलिस सूत्रों के मुुताबिक मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे हरिद्वार रोड पर एक ट्रेवल एजेंट के कार्यालय में हंगामा हो गया। आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुटी, तो पता चला कि गुजरात के करीब एक दर्जन यात्रियों ने चारधाम दर्शन के लिए ट्रेवल एजेंट से वाहन बुक कराया था। एजेंट ने यात्रियों से वाहन में एसी सुविधा भी होने की बात कही और एसी का शुल्क अलग से वसूल किया।
यात्रियों ने आरोप लगाया यात्रा पर जाने के दौरान वाहन में एसी चला ही नहीं, जिस पर वह एजेंट से अतिरिक्त शुल्क वापस मांगने लगे। रकम को लेकर यात्रियों और एजेंट में सरेआम हाथापाई भी हुई। हंगामा बढ़ने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। इसबीच एजेंट ने यात्रियों को किसी तरह से समझा-बुझाकर उन्हें दिल्ली के वाहन में वापस रवाना कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को घटनास्थल पर कोई भी यात्री नहीं मिला, जिसके चलते पुलिसकर्मी वापस लौट गए।