ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
त्रिवेणीघाट पर गंगा पूजा के लिए गई कारोबारी की पत्नी को दो अज्ञात लोगों ने दिनदहाड़े नशीला पदार्थ सुंघाकर ठग लिया। आरोपी बुजुर्ग महिला से सोने के कड़े और कानों की बालियां लेकर फरार हो गए। महिला के बेटे की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस के मुताबिक रविवार पूर्वाह्न में घाट रोड स्थित महादेव धर्मशाला निवासी 60 वर्षीय सत्या रानी त्रिवेणीघाट पर गंगा पूजन के लिए गई थी। इसी दौरान उन्हें घाट पर दो युवक मिले।
पहले उन्होंने बुजुर्ग महिला से हरिद्वार का रास्ता पूछा, इसके बाद किराया नहीं होने की बात कही। आरोप है कि अज्ञात नशीला पदार्थ सुंघाकर हाथ से दो सोने के कड़े और कानों की बालियां ले उड़े। बदहवास स्थिति में बुजुर्ग महिला घर पहुंची, जिसके बाद उनके बेटे सनी चड्ढा ने त्रिवेणीघाट चौकी पुलिस को घटना की लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि शिकायत मिली है, आसपास के इलाकों की सीसीटीवी फुटेज अज्ञातों की पहचान के लिए खंगाली जा रही है। बताया कि जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।