ब्यूरो/अमर उजाला/सेलाकुई।
चौहड़पुर रेंज के डोभरी स्थित रिजर्व फॉरेस्ट में वन तस्करों ने चौकीदार को बंधक बना प्रतिबंधित प्रजाति के खैर के छह हरे पेड़ों को काट डाला। पेड़ों को काटने के बाद तस्कर लकड़ी को वाहन में लाद फरार हो गया। मामले में वन विभाग ने 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ वन संरक्षण अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर लिया है। तस्करों की तलाश में आसपास के राज्यों में भी दबिश दी जा रही है। वहीं चौकीदार ने बंधक बनाने के मामले में पुलिस को सूचना दी है।
जानकारी के अनुसार रेंज अंतर्गत डोभरी के कपार्टमेंट-2 सी में खेर के पेड़ों को जंगल है। बुधवार की रात को वहां चौकीदार रणजीत सिंह की तैनाती थी। रणजीत का कहना है कि वह रात को ड्यूटी पर थे। देर रात 12 बजे वहां पर वाहन में सवार होकर 10 लोग पहुंचे, जहां दो लोगों ने उन्हें बंधक बनाकर फोन भी छिन लिया। जबकि, अन्य आठ लोग पेड़ों को काटने में जुट गए। पेड़ों को काटने के बाद उन्होंने काटी गई लकड़ी को किसी छोटे वाहन में भर कार फरार हो गए। घटना के बाद वह किसी तरह से बालूवाला फॉरेस्ट चौकी पहुंचा। जहां उसने घटना की जानकारी वहां तैनात वन कर्मियों को दी। जिसे सुन कर्मियों के हाथ-पांव फूल गए। उन्होंने तस्करों की तलाश में अभियान चलाया। आसपास के चैक पोस्ट पर भी चेकिंग अभियान चलाया गया, लेकिन वन तस्कर हाथ नहीं लगे। रणजीत ने बताया कि अंधेरा होने के कारण तस्करों और वाहन की पहचान नहीं कर सका।
रेंजर कुलदीप पंवार ने बताया कि आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। आसपास के राज्यों में भी तस्करों की तलाश की जा रही है।
उधर, सहसपुर थाना अध्यक्ष नरेश राठौर ने बताया कि अभी मामले की कोई तहरीर नहीं आई है तहरीर के बाद ही उसमें अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।