ब्यूरो/अमर उजाला
विकासनगर। आसन झील से बरामद शव की पहचान कर ली गई। शिनाख्त के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की पहचान अनूप कुमार (35) पुत्र बाबूराम निवासी शंकरपुर सहसपुर के रूप में हुई। पत्नी से लड़ाई के बाद अनूप बिना बताए घर से कहीं चला गया था। नौ मई को उसके परिजनों ने सहसपुर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
सोमवार को हरबर्टपुर चौकी पुलिस ने आसन बैराज झील से एक युवक का शव मिला था। शव 8-10 दिन पुराना बताया गया थ। कई दिन तक पानी में रहने से शव फूल गया था। जिस कारण उसकी पहचान करना काफी मुश्किल था। उसके पास से कोई पहचान पत्र भी नहीं मिला था। उसके एक हाथ में अनु लव रविना और दूसरे में एआर लिखा हुआ है। मामले में पुलिस ने उससे संबंधित फोटो और जानकारी को आसपास के थानों में भिजवाया था। जिसके बाद मंगलवार को उसकी पहचान अनूप के रूप में कर ली गई। चौकी प्रभारी रामनरेश शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।