ब्यूरो/अमर उजाला/सेलाकुई।
सहसपुर पुलिस ने चोरी की एक बाइक के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक तमंचा, पांच जिंदा कारतूस और एक खुखरी बरामद हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों बदमाश लूट के इरादे से क्षेत्र में घूम रहे थे।
पुलिस रविवार की सुबह लांघा रोड पर चेकिंग अभियान चला रही थी। इस दौरान शक होने पर पुलिस ने एक बाइक सवार दो लोगों को रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ी दी। इसके बाद पुलिस ने पीछा करके दोनों को दबोच लिया। पूछताछ में बाइक करनाल हरियाणा निवासी प्रदीप कुमार पुत्र राम दत्त के नाम पर पंजीकृत मिली। संबंधित थाना से संपर्क करने पर पता चला कि वाहन स्वामी ने दो महीने पहले बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद आरोपियों के पास से एक तमंचा, पांच जिंदा कारतूस और एक खुखरी बरामद हुई। आरोपियों की पहचान सत्तार पुत्र दिलदार और शौकीन पुत्र नसीम दोनों निवासी मुहल्ला गड़ान फातिमा बस्ती थाना बेहट जिला सहारनपुर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि पैसे कमाने के लालच में दो माह पूर्व करनाल अस्पताल के पास से बाइक चोरी की थी। इसके बाद सहारनपुर में अब्दुला उर्फ मोटू नाम के एक व्यक्ति से 4 हजार रुपये में तमंचा और खुखरी खरीदी थी। थाना प्रभारी नरेश कुमार राठौर ने बताया कि दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। दोनों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।