ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
बीमा लोकपाल नामक कंपनी और उससे जुड़े सात लोगों ने प्रतीतनगर निवासी एक बुजुर्ग से करीब पौने 75 लाख रुपये की ठगी कर ली। धोखाधड़ी का अहसास होने पर पीड़ित रायवाला पुलिस के पास पहुंचा। पुलिस ने बुजुर्ग की तहरीर पर बीमा कंपनी और प्रवर्तन निदेशालय, हैदराबाद के अधिकारी समेत सात लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस टीमों का गठन कर लिया गया है।
रायवाला पुलिस के मुताबिक ग्रामसभा प्रतीतनगर निवासी किशोरी लाल गौड़ पुत्र स्व. भवनदत्त गौड़ ने तहरीर में बताया कि बीते 26 नवंबर 2015 को उनका तेलांगना स्थित हैदराबाद की बीमा लोकपाल कंपनी से संपर्क हुआ। बताया कि कंपनी के अधिकारियों ने उन्हें बीमा कराने के लिए कहा, जिसके बाद से वह आरटीजीएस आदि के माध्यम से कंपनी के खाते में लगातार रकम जमा कराते रहे। तीन साल तक कंपनी के खाते में 75 लाख 70 हजार 150 रुपये की रकम जमा कराने के बाद जब उन्हें पैसे वापस नहीं मिले, तो ठगी का अहसास हुआ। किशोरी लाल ने बीते बृहस्पतिवार की रात रायवाला थाना पहुंचकर पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने पीड़ित की नामजद तहरीर पर बीमा लोकपाल, थर्ड फ्लोर, पश्चिमी भवन, वशीरबाग, हैदराबाद, तेलांगना नामक कंपनी, प्रवर्तन अधिकारी हैदराबाद विजय थापा, इनकम टैक्स अधिकारी राहुल, अशोक, संजय चौधरी, बीमा अधिकारी देवेंद्र मिश्रा, स्टेट सरकार टैक्स ऑफिसर राजेंद्र प्रसाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक महेश जोशी ने बताया कि मामले की तहकीकात शुरू कर दी गई है। इसके लिए टीमों का गठन भी किया गया है, जल्द ही प्रकरण में शामिल आरोपियों की धरपकड़ कर मामले का खुलासा किया जाएगा।