ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
जमनपुर सेलाकुई स्थित एक झोपड़ी में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले युवक की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट के कारण अंदरूनी रक्तस्राव आया है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव को परिजनों के सुपर्द कर दिया।
बीते शनिवार की शाम को पुलिस को सूचना मिली थी कि जमनपुर स्थित एक खाली झोपड़ी में एक युवक बेहोशी की हालत में लेटा हुआ मिला था। जब पुलिस ने युवक को उठाने की कोशिश की तो पता चला वह मर चुका था। युवक की पहचान विनोद (25) पुत्र जावन सिंह ग्राम सुहास थाना गजोला कला पीलीभीत उत्तर प्रदेश हाल निवासी जमनपुर सेलाकुई के रूप में हुई थी। जांच-पड़ताल में पता चला था कि शनिवार को फैक्ट्री की छुट्टी होने पर वह अपने मकान मालिक अर्जुन सिंह और दोस्त राहुल के साथ थानगांव घूमने गया था। जहां उसे शराब का नशा हो गया था। वह यहां पर एक पत्थर से स्लिप होकर चोटिल हो गया था। जहां उसके सिर पर चोटें आई थी। इसके बाद दोनों दोस्त उसे जमनपुर स्थित झोपड़ी में छोड़कर चले गए। थानाध्यक्ष नरेश कुमार राठौर ने बताया कि अभी मामले में कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।