ब्यूरो/ऋषिकेश। लक्ष्मणझूला थाना क्षेत्र अंतर्गत गीता भवन आश्रम के सामने गंगाघाट पर मिले आगरा के चांदी कारोबारी, उसके बेटे और पोते के शव का शनिवार को हरिद्वार में पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस की सूचना पर मृतकों के परिजन भी हरिद्वार पहुंचे। पीएम होने के बाद पुलिस ने शवों को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। उपनिरीक्षक विकास भारद्वाज ने बताया कि पीएम रिपोर्ट अभी नहीं आई है। रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु की सही वजह पता चल पाएगी। बताया कि मृतकों का बिसरा भी जांच के लिए लैब भेजा जाएगा। फोरेंसिक एक्सपर्ट ने भी अभी कोल्डड्रिंक की जांच रिपोर्ट नहीं दी है।
बताया कि पुलिस मामले में परिजनों से भी पूछताछ कर रही है। जल्द ही उनकी मौत के सही कारणों का खुलासा किया जाएगा। गौरतलब है कि बीते शुक्रवार को पुलिस को गीता भवन के समीप गंगाघाट से लखनलाल वर्मा, उसके बेटे दीपक वर्मा और पोते हर्ष वर्मा निवासी गली नंबर पांच, जागेश्वरनगर, नगला पदी, न्यू आगरा, यूपी के शव बरामद किए थे। पुलिस ने आरोपियों की पहचान उनकी शर्ट के कॉलर पर टेलर के टैग से की थी।