ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
दिल्ली से रोडवेज की बस से टिहरी, चमियाला स्थित गांव में बीमार मां को देखने आ रहे एक युवक को जहरखुरानी गिरोह ने शिकार बना लिया। गिरोह के सदस्य युवक की नकदी और मोबाइल लेकर फरार हो गए। रोडवेज बस अड्डे से बेहोशी की हालत में मिले युवक को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक टिहरी स्थित चमियाला के राज गांव निवासी भीम सिंह (45) पुत्र मदन बीते शनिवार रात दिल्ली से रोडवेज की बस से ऋषिकेश आ रहा था। बस में सफर कर रहे एक युवक ने पहले भीम से बातचीत शुरू की और इसके बाद नमकीन खाने के लिए दी। नमकीन खाने के बाद भीम बेहोश हो गए। रोडवेज बस अड्डे से भीम को बेहोशी की हालत में सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। होश में आने पर भीम ने बताया कि उसके मोबाइल और करीब छह हजार रुपये गायब हैं। भीम के बारे में परिजनों को सूचित किया गया। देर शाम परिजन अस्पताल पहुंचे और भीम को अपने साथ ले गए। कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि अभी पीड़ित ने कोई लिखित शिकायत नहीं दी है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।