ब्यूरो/अमर उजाला
सेलाकुई।
सहसपुर पुलिस ने लाखों के चोरी के सामान के साथ दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। दोनों सहारनपुर और हरिद्वार में भी चोरी की कई वारदातों को अंजाम दे चुके हैं, उनके पास से चोरी की कार भी बरामद हुई है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया जहां से उनको जेल भेज दिया गया।
सोमवार की रात में पुलिस ने सिंघनीवाला तिराहे के पास बिना नंबर की सेंट्रो कार को चेकिंग के लिए रोका। वाहन में दो लोग सवार थे। शक होने पर पुलिस ने दोनों और कार की तलाशी ली। एक युवक के पास से पांच मोबाइल मिले। कार में स्कूटर, मोटरसाइकिल, कार के टायर और बैट्रियां मिलीं। जिस बारे में दोनों संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। जिस पर पुलिस दोनों को थाने ले आई। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने सहसपुर थाना क्षेत्र में चोरी की दो वारदातों को अंजाम देने की बात कबूूली।
आरोपियों की पहचान इरशाद पुत्र मोहमद कय्यूम अली और असफाक पुत्र मोहमद हनीफ निवासी ग्राम नौगांवा थाना मिर्जापुर जिला सहारनपुर के रूप में हुई। थानाध्यक्ष नरेश कुमार राठौड़ ने बताया कि दोनों का आपराधिक इतिहास पता किया जा रहा है। दोनों के पास से चोरी के पांच मोबाइल, पांच नई बैट्री छोटी बड़ी, दो-दो कार, मोटरसाइकिल और स्कूटी के नए टायर और सेंट्रो कार मिली है। बरामद सामान की कीमत पांच लाख रुपये बताई गई है।
रुड़की से चुराई थी कार
दोनों ने 6-7 माह पूर्व कार रुड़की से चुराई थी। पकड़े जाने के डर से दोनों ने नंबर प्लेट फेंक दी थी। कार का इस्तेमाल चोरी के सामान को ठिकाने लगाने में करते थे। इसी कार से दोनों चोरी का सामान बेचने के लिए ले जा रहे थे।
मजदूरी के लिए आए थे सेलाकुई
दोनों आरोपी करीब आठ महीने पहले सेलाकुई में मजदूरी करने आए थे। दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं। मजदूरी में ज्यादा पैसा न मिलने पर दोनों ने रैकी कर चोरी करना शुरू कर दिया।