ब्यूरो/अमर उजाला, रुड़की
एक उच्च शिक्षण संस्थान की छात्रा की ओर से उत्पीड़न और हत्या के प्रयास में मुकदमा दर्ज कराने की मांग के समर्थन में सोमवार को भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी कोतवाली पहुंच गए। छात्रा और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने तहरीर के आधार पर सीधा मुकदमा दर्ज करने के बजाय एसआईटी जांच गठित करने पर सवाल उठाए। करीब छह घंटे तक कोतवाली में हुए प्रदर्शन के बाद मंगलवार को जांच पूरी होने के बाद ठोस कार्रवाई किए जाने का भरोसा मिलने पर धरना समाप्त कर दिया गया। इस दौरान पीएसी समेत भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात रहा।
गौरतलब है कि रुड़की स्थित एक उच्च शिक्षण संस्थान की छात्रा ने पिछले दिनों सिविल लाइंस कोतवाली में तहरीर दी थी, जिसमें छात्रा ने संस्थान के एक डीन, चार प्रोफेसरों, दो छात्रों समेत संस्थान के निदेशक पर उसका उत्पीड़न करने और जातीय आधारित भेदभाव करने का आरोप लगाया था। चूंकि मामला नामचीन संस्थान से जुड़ा था। इसलिए एसएसपी ने मामले का संज्ञान लेते हुए सीओ कनखल एसके सिंह के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया था। इसके तहत विगत रविवार को एसआईटी ने संस्थान पहुंचकर प्रोफेसरों समेत अन्य के बयान दर्ज कर आरोपों की बाबत साक्ष्य जुटाए थे। बताया गया है कि रविवार की रात को ही छात्रा इस बात पर अड़ गई कि जब आरोपों के बाबत सभी साक्ष्य जुटा लिए गए हैं तो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। सोमवार सुबह जब छात्रा अपने परिजनों के साथ दोबारा कोतवाली पहुंची। इसी बीच करीब 11 बजे जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में भीम आर्मी के कार्यकर्ता भी पहुंच गए। कार्यकर्ताओं ने कोतवाली का घेराव कर मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़ गए। सूचना पाकर सीओ मनोज कत्याल मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। हंगामा बढ़ता देख पीएसी को भी तैनात कर दिया गया। शाम करीब पांच बजे तक हुए हंगामा के बाद कोतवाली प्रभारी ने मंगलवार तक एसआईटी की जांच पूरी होने पर ठोस कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद भीम आर्मी ने मुकदमा दर्ज न होने पर संस्थान के गेट पर धरना शुरू करने की चेतावनी देकर लौट गए।
एसआईटी की ओर से तेजी से जांच की जा रही है। छात्रा के मामले में संस्थान की ओर से पूर्व में भी शिकायत कमेटी में मामला रखा गया था। वर्तमान में भी उसी तरह की शिकायतें हैं, ऐसे में पूर्व में गठित शिकायत कमेटी की रिपोर्ट की जांच महत्वपूर्ण होगी। इसलिए एसआईटी में पूर्व में की गई जांच रिपोर्ट का अध्ययन कर रही है। जल्द ही जांच पूरी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-- रिधिम अग्रवाल, एसएसपी हरिद्वार