बाइक सवारों ने सरेराह महिला से पर्स लूटा
-- बाइक सवार तीन युवकों ने दिया घटना का अंजाम
-- कोतवाली पुलिस युवकों की तलाश में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश। रेलवे रोड पर सरेराह बाइक सवार तीन युवक एक महिला का पर्स लूटकर फरार हो गए। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार मौके पर दौड़े, मगर तब तक तीनों युवक फरार हो चुके थे। इसी बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। महिला से पूछताछ कर पुलिस ने युवकों की तलाश शुरू कर दी है।
कोतवाली पुलिस के मुुताबिक बुधवार रात करीब 8.30 बजे त्रिवेणीघाट में गंगा पूजन के बाद वापस घर लौट रही मनीराम रोड निवासी एक महिला से रेलवे रोड पर अग्रवाल धर्मशाला के समीप सरेराह बाइक सवार तीन युवक पर्स लूटकर फरार हो गए। बताया गया कि उनके पर्स में नगदी और कीमती मोबाइल था। पर्स छिनते ही महिला ने शोर मचा दिया। रेलवे रोड के दुकान और आसपास के लोग महिला की आवाज सुनकर मौके पर दौड़े। उन्होंने महिला से घटनाक्रम की जानकारी ली और पुलिस को सूचित किया।
इस दौरान मौके पर लोगों की खासी भीड़ भी जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पीड़िता से पूछताछ कर अज्ञात युवकों की तलाश शुरू कर दी है। वहीं, सरेराह लूट की घटना से लोग खौफ में हैं। हाल में हुई चोरियों और बंदूक की नोंक पर लाखों रूपए की लूट के मामले के बाद शहर में सरेराह आपराधिक वारदातों से लोग घबराए हुए हैं। उन्होंने पुलिस से असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई और नागरिकों की सुरक्षा की मांग की है। कोतवाल प्रवीण चंद कोश्यारी ने बताया कि महिला से पर्स लूटने की सूचना मिली थी। मामले को दिखवाया जा रहा है।