अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार। ,
रिटायर्ड भेलकर्मी अंबरीष से प्रॉपर्टी के धंधे में निवेश कराने के नाम पर पांच करोड़ की रकम डकारने वाले प्रॉपर्टी डीलर प्रद्युम्न अग्रवाल के गुनाहों की फेहरिस्त काफी लंबी है। कनखल पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर, उसके बेटे प्रफुल्ल अग्रवाल, पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजीव राठी और साझेदार अमित राठी के खिलाफ भूमि बेचने के नाम पर धोखाधड़ी कर लाखों हड़पने के आरोप में तीन अलग- अलग मुकदमे दर्ज किए हैं।
कनखल के थानाध्यक्ष अनुज सिंह ने बताया कि प्रॉपर्टी डीलर प्रद्युम्न अग्रवाल का राज एंड कंपनी के नाम से फुटबाल मैदान के पास कार्यालय है। बताया कि प्रॉपर्टी डीलर ने प्रीति पत्नी डा. सुनील कुमार निवासी मकान नंबर एक आनंदमयीपुरम कालोनी कनखल, अंकुर राजपूत पुत्र लाखन सिंह निवासी संदेश नगर कनखल एवं नरेंद्र पाल सिंह पुत्र रणधीर सिंह निवासी एस 273 शिवालिक नगर को ग्राम नूरपुर पंजनहेडी में भागीरथी विहार कालोनी विकसित करने की बात कहकर भूखंड बेचे थे। बकायदा उनके नाम दाखिल खारिज भी हो गई थी। लेकिन बाद में पीड़ितों को पता चला कि भूखंड पहले से ही प्रॉपर्टी डीलर ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजीव राठी, बेटे प्रफुल्ल अग्रवाल, साझेदार अमित राठी के साथ मिलकर शिवानी पुत्री विनोद एवं मंजू मेहता पत्नी मनीष मेहता को बेच रखे हैं। बताया था कि भूमि सुरेश पुत्र सोमा निवासी जगजीतपुर की है, जिससे उसने सीधे बैनामा भी कराया था। बताया कि प्रॉपर्टी डीलर ने कई लाख की रकम हड़प ली है। विरोध करने पर हत्या की धमकी दी गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि भूखंड वर्ष 2015 में बेचे गए थे। पूरे मामले की गहनता से पड़ताल कर रहे हैं। आरोपी प्रॉपर्टी डीलर, उसके बेटे एवं साझेदारों की भी तलाश कर रहे हैं।