अमर उजाला ब्यूरो
पथरी।
पुलिस से बेखौफ मोटरसाइकिल सवार हथियारबंद बदमाशों ने फेरूपुर के पास हरिद्वार- लक्सर मार्ग पर दिनदहाड़े हथियारों के बल पर लूटपाट कर ली। बदमाश सेल्समैन से नगदी से भरा थैला लूटकर फरार हो गए। सेल्समैन की सूचना पर पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की, बदमाश हत्थे नहीं चढ़ सका।
सोनू कुमार एक निजी फाइनेंस कंपनी में बतौर सेल्समैन काम करता है। घटनाक्रम के मुताबिक सेल्समैन सोनू कुमार ने बुधवार की दोपहर फेरूपुर निवासी दो महिलाओं से किश्त के 60 हजार रुपये लिए। जबकि 10 हजार रुपये उसके पास पहले से ही थे। इतना ही नहीं बैग में रुपयों के अलावा लैपटॉप व अन्य कागजात भी थे। सेल्समैन सोनू कुमार मोटरसाइकिल से ज्वालापुर जा रहा था। जैसे ही वह हरिद्वार - लक्सर मार्ग पर फेरूपुर के पास पहुंचा, तभी दो मोटरसाइकिल सवार बदमाशों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। बदमाशों ने हथियारों के बल पर उसके पास मौजूद रुपयो से भरा थैला लूट लिया और चंपत हो गए। बदमाशों के फरार होने के बाद सोनू कुमार ने घटना की जानकारी पुलिस को दी तो पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर ली, लेकिन बदमाश चकमा देकर फरार होने में कामयाब रहे। घटना की तहरीर पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। ज्ञात हो कि यह पहली घटना नही है जब बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया है।