अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
ऋषिकेश के बहुचर्चित बालकृष्ण अरोड़ा हत्याकांड के खुलासे के लिए हाथ पांव पटक रही ऋषिकेश पुलिस की टीम हरिद्वार में डेरा डाले हुए है। हत्याकांड के मुख्य आरोपी बताए जा रहे मृतक के दामाद रवि मनंचदा के ठिकाने के संबंध में अहम सुराग पुलिस को मिले हैं। जल्द ही मुकदमे में नामजद मुख्य आरोपी के चाचा, मां एवं बहनों की भी गिरफ्तारी हो सकती है। ऋषिकेश के रहने वाले बालकृष्ण अरोड़ा की घर के बाहर जहर देकर पिछले वर्ष अक्तूबर में हत्या कर दी गई थी।
एक साधुवेशधारी ने बुजुर्ग को जहर देकर उनकी हत्या कर दी थी। परिजनों ने दामाद रवि मनचंदा, चाचा हरकिशन मनचंदा, मां विजय लक्ष्मी, बहनें रेणू एवं रेखा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। तब से अपने बेटे को लेकर फरार हुआ रवि मनचंदा हत्थे नहीं चढ़ा है। लेकिन एक महीने से हरिद्वार में रहकर ऋषिकेश पुलिस ने आरोपी दामाद के संबंध में जानकारी जुटाई है। पुलिस को इस बात के सुराग भी मिले हैं कि वह कहां छिपा हुआ है। अब पुलिस जल्द उस तक पहुंच सकती है। इधर, चाचा, मां एवं बहनों की भी गिरफ्तारी किसी भी वक्त हो सकती है। ऋषिकेश पुलिस पर मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी का खासा दबाव बना हुआ है। ऋषिकेश के कोतवाली प्रभारी प्रवीण सिंह कोश्यारी ने ऋषिकेश पुलिस के हरिद्वार में मौजूद होने की पुष्टि करते हुए बताया कि जल्द ही मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।