अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
उत्तरी हरिद्वार क्षेत्र में मंगलवार देर रात दिल्ली पुलिस ने एक आश्रम में छापा मारकर छह युवक हिरासत में लिए हैं। चंद मिनटों में ही पुलिस दिल्ली रवाना हो गई। उसके बाद ही हरिद्वार पुलिस की नींद टूटी। पूरे मामले के तार दिल्ली में हुए हत्याकांड से जुड़े बताए जा रहे हैं। स्थानीय पुलिस को पूरे प्रकरण की खास जानकारी नहीं है।
मंगलवार देर रात सूखी नदी खड़खड़ी के पास बसंत गली में बाल किशोर आश्रम में पहुंची दिल्ली पुलिस की टीम ने आश्रम का मुख्य गेट बंद करा लिया। दिल्ली पुलिस ने चंद मिनट पहले ही पहुंचे छह युवकों में से एक को काउंटर पर ही एंट्री कराते हुए धर दबोचा, जबकि पांच अन्य दो कमरों में ठहरे थे। उन्हें भी हिरासत में लिया गया। दिल्ली पुलिस आश्रम का रजिस्टर भी साथ ले गई।
इधर, इनोवा कार में कुछ संदिग्ध युवकों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर खड़खड़ी चौकी हरकत में आई तब तक दिल्ली पुलिस वापसी के लिए रवाना हो चुकी थी। चौकी प्रभारी खोजबीन करते हुए आश्रम तक जा पहुंचे, तो पता चला कि दिल्ली पुलिस की कार्रवाई एक हत्याकांड से जुड़ी है। चौकी प्रभारी की मानें तो युवक कुछ मिनट पहले ही यहां आकर ठहरे थे, तभी दिल्ली पुलिस यहां पहुंच गई। दिल्ली पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद नहीं ली थी।