हरियाणा के तीन श्रद्धालुओं पर जानलेवा हमला
भैरव मंदिर के पास मारपीट, 12 के खिलाफ मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
ऋषिकेश।
त्रिवेणी घाट से श्रीगणेश प्रतिमा विसर्जित कर लौट रहे हरियाणा के तीन श्रद्धालुओं पर मंगलवार रात कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। मारपीट के बाद हमलावर भाग निकले। आसपास के लोगों ने घायल श्रद्धालुओं को एसपीएस राजकीय चिकित्सालय में भर्ती कराया। इस मामले में पुलिस ने 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है और कई संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
कोतवाली पुलिस के मुताबिक हरियाणा से श्रद्धालुओं का एक दल लक्ष्मणझूला रोड स्थित बगलामुखी आश्रम में आयोजित श्रीगणेश महोत्सव में शामिल होने पहुंचा था। गुमथलाराव, यमुनानगर, हरियाणा निवासी मोहित शर्मा पुत्र सत्यप्रकाश शर्मा का आरोप है कि मंगलवार रात हम सभी त्रिवेणीघाट पर प्रतिमा विसर्जन के बाद लौट रहे थे। लक्ष्मणझूला रोड पर भैरव मंदिर के समीप पहले से ही खड़े उक्त 10-12 युवकों ने हमला कर दिया। मोहित के अनुसार बीते शनिवार को छह युवक गणेश उत्सव में महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़ कर रहे थे। इस पर संचालकों ने उन्हें आश्रम से बाहर निकाल दिया। मारपीट करने वालों मेें वे छह युवक भी शामिल थे। त्रिवेणीघाट चौकी प्रभारी राजभर राणा ने बताया कि मारपीट में मोहित शर्मा, रोहित पुत्र जय प्रकाश और सन्नी पुत्र विरम सभी निवासी गुमथलाराव, यमुनानगर, हरियाणा जख्मी हुए हैं। मोहित शर्मा की तहरीर पर 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। कई संदिग्ध लोगों को हिरासत में भी लिया गया है।