अमर उजाला ब्यूरो
हरिद्वार।
एक ठेकेदार द्वारा कई कर्मचारियों को पीएफ हड़पने का मामला सामने आया है। देहरादून से आए पर्वतन अधिकारी की शिकायत पर रानीपुर पुलिस ने आरोपी ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
विष्णुलोक कालोनी रानीपुर मैसर्स बब्बन दूबे ठेकेदारी का काम करता है। बब्बन बीएचईएल के अलावा सिडकुल समेत कई अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में कर्मचारियों को काम पर लगाने का काम करता आ रहा है। एचआईजी फेस 2 इंद्रापुर जीएमएस रोड देहरादून स्थित क्षेेत्रीय कार्यालय कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के प्रवर्तन अधिकारी शैलेश कुमार राय पुत्र जगदीश प्रसाद ने रानीपुर पुलिस को शिकायत देकर बताया कि आरोपी बब्बन ने कर्मचारियों के पीएफ का पैसा जमा नहीं कराया है। बताया जा रहा है कि नवंबर वर्ष 2014 से लेकर मार्च 2017 तक कर्मचारियों का पैसा हड़प लिया है। कितने रुपये का घपला किया गया है इसकी जानकारी पुलिस के पास नहीं है। पुलिस मानकर चल रही है कि करीब 10 लाख से अधिक रकम ठेकेदार ने डकार ली है। रानीपुर कोतवाली निरीक्षक प्रदीप बिष्ट ने बताया कि ठेकेदार बबन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
जीएमओयू की बस में लगी आग
हरिद्वार।जीएमओयू की बस मेें रात करीब डेढ़ बजे आग लग गई। धुआं व आग की लपटें उठने पर हाईवे से गुजर रहे यात्रियों ने सूचना कंट्रोल रूम को दी। इसके बाद अग्निशमन अधिकारी दानीराम,कनखल एसओ अनुज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दमकल की टीम ने पानी की बौछारों से आग को बुझाने का कार्य शुरू किया। दो घंटे का समय आग बुझाने में लगा। एसओ अनुज सिंह ने बताया कि हल्की बस जली है। रात को बस में कोई नहीं था।