व्यापारी के बाद कैवेंडिश फैक्ट्री के एक कर्मचारी से पांच लाख की फिरोती मांगने का मामला सामने आया है। आरोपी, पीड़ित को फिरोती न मिलने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने फोन नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
पांच दिन पहले लक्सर कस्बे के एक व्यापारी से पंद्रह लाख की फिरोती मांगने का मामला सामने आया था। पुलिस अभी तक इस मामले में किसी नतीजे पर भी नहीं पहुंच सकी थी कि पांच लाख की फिरोती मांगने का एक ओर मामला सामने आया। कुलदीप पुत्र रामपाल सिंह निवासी जैतपुर, लक्सर की कैवेंडिश फैक्ट्री में कर्मचारी है। रविवार को कुलदीप ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि उसे फोन पर पिछले चार दिन से दो नंबरों द्वारा कॉल आ रही है। बात करने वाला व्यक्ति पांच लाख रुपये की डिमांड कर रहा है।
आरोप यह भी है कि उक्त व्यक्ति पैसे न मिलने की दशा में जान से हाथ धोने की धमकी दे रहा है। कुलदीप ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कोतवाल नवीन चंद सेमवाल ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। जिन नंबरों से कर्मचारी को धमकी मिल रही है, उनकी आईडी और लोकेशन की पड़ताल की जा रही है। जिसके बाद कर्मचारी को न्याय दिलाया जाएगा।