ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
जिला जेल में एक बार फिर से कैदियों के मोबाइल फोन इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। बदमाश सुनील राठी के गुर्गे विपिन जैन, कैदी राम मनोहर और सरताज के पास से मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। ये सभी कैदी तन्हाई बैरक में कैद हैं। डिप्टी जेलर प्रेम सिंह चौहान ने कैदियों के खिलाफ सिडकुल थाने में केस दर्ज कराया है।
बृहस्पतिवार शाम तन्हाई बैरक में तैनात बंदीरक्षक अरविंद सिंह ने कोठरी नंबर सात में कैद राम मनोहर को मोबाइल फोन पर बात करते हुए देखा। बंदीरक्षक ने इसकी सूचना डिप्टी जेलर प्रेमसिंह चौहान को दी। कोठरी की तलाशी ली गई, लेकिन मोबाइल फोन नहीं मिला। संदेह हुआ कि मोबाइल फोन को टॉयलेट सीट में डाल दिया गया है। डिप्टी जेलर के निर्देश पर कैदी राम मनोहर को दूसरी कोठरी में शिफ्ट कर दिया गया। शुक्रवार सुबह जेल प्रशासन ने उस कोठरी की टॉयलेट सीट को तोड़ा तो वहां एक मोबाइल बरामद हुआ।
इसके बाद जेल प्रशासन ने बैरक नंबर पांच-सी में कैद सुनील राठी गैंग के सदस्य विपिन जैन और उसी बैरक में बंद कैदी सरताज से भी मोबाइल फोन बरामद किए। कैदी सरताज के मोबाइल फोन के अलावा अन्य दोनों मोबाइल फोन में सिम कार्ड बरामद हुए हैं। डिप्टी जेलर ने इस संबंध में तीनों कैदियों के खिलाफ सिडकुल थाने में केस दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष देवराज शर्मा ने बताया कि मोबाइल फोन कब्जे में ले लिए हैं। तीनों ही मोबाइल स्मार्ट नहीं सामान्य हैं।
सीआईयू खंगालेगी कॉल डिटेल
कैदियों से मिले मोबाइल फोन को क्राइम इन्वेस्टिगेशन यूनिट (सीआईयू) खंगालेगी। सुनील राठी के गुर्गे और कैदी राम मनोहर के मोबाइल फोन में सिम कार्ड मिले हैं। अब सीआईयू उनकी कॉल डिटेल निकालेगी। इसके बाद साफ हो सकेगा कि कैदी किसके संपर्क में थे। तीसरे मोबाइल फोन के आईएमईआई नंबर से तस्दीक किया जाएगा कि, इस मोबाइल फोन में किसी कंपनी का सिम इस्तेमाल हो रहा था।