ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
इलाहाबाद हाईकोर्ट के पूर्व न्यायाधीश इंद्रपाल सिंह की पोती प्राप्ति सिंह की हत्या में सौतेली मां मीनू कौर को शनिवार को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। इससे पहले पुलिस ने उसकी निशानदेही पर प्राप्ति सिंह के खून से सने कपड़े और आइस बॉक्स में रखा हुआ मोबाइल बरामद कर लिया। इसी बीच पटेलनगर पुलिस ने हत्याकांड की विवेचना शहर कोतवाली को स्थानांतरित कर दी है। हत्या के कारणों को लेकर पुलिस अभी किसी भी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है।
पटेलनगर कोतवाली के अंसारी रोड निवासी मीनू कौर ने आठ फरवरी को अपनी बेटी प्राप्ति सिंह की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उसने बेटी को आईएसबीटी छोड़ने की बात कही थी। पुलिस ने शुक्रवार को मीनू कौर को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो प्राप्ति की हत्या कर शव छिपाने का राज खुल गया। छह फरवरी की रात बेटी की हत्या करने के बाद उसकी गुमशुदगी की मनगढ़ंत कहानी बनाई थी। पुलिस ने सौतेली मां की निशानदेही पर प्राप्ति सिंह का दो टुकड़ाें में शव घर से बरामद कर लिया। मीनू का कहना था कि पहले पिता और अब बेटी की प्रताड़नाओं से तंग आकर उसने अपने हाथ खून से रंगे। सोते समय पहले ईंट से प्राप्ति की कनपटी पर प्रहार किए। बेहोश होने पर खुखरी से उसके शरीर पर अनगिनत वार किया। इसके बाद बाद में सवा चार घंटे में उसने प्राप्ति के शव के दो टुकड़े किए थे। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त खुखरी और खून से सर्नी इंट बरामद कर ली थी।
शुक्रवार देर रात तक मीनू कौर से पूछताछ हुई, तब जाकर उसने बेटी के खून से सनी जींस और दूसरे कपड़े बरामद कराए। प्राप्ति सिंह का मोबाइल आइस बॉक्स में छिपाकर रखा गया था। पटेलनगर पुलिस ने घटनास्थल शहर कोतवाली होने के कारण विवेचना स्थानांतरित कर दी है। कोतवाली पुलिस ने तीसरे पहर मीनू कौर को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक निवेदिता कुकरेती ने बताया कि हत्या के कारणों की जांच जांच चल रही है। अभी यह कहना मुश्किल है कि हत्या प्रॉपर्टी के लिए की गई है। दूसरे कारणों पर भी जांच की जा रही है।
--
आज हरिद्वार में होगा अंतिम संस्कार
प्राप्ति सिंह का अंतिम संस्कार आझ रविवार को हरिद्वार में होगा। शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शनिवार को तीसरे पहर पूरी हुई। परिजनों ने पार्थिव शरीर को फिलहाल दून अस्पताल में रखवा दिया है। शहर कोतवाल बीबीडी जुयाल ने बताया कि परिजन रविवार सुबह पार्थिव शरीर लेकर हरिद्वार जाएंगे, जहां अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न होगी।