ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रहे लोगों ने नाराजगी जताई है। जनप्रतिनिधियों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक क्षेत्र का विकास नहीं होगा, उन्हें कॉलोनी में घुसने नहीं दिया जाएगा। स्थानीय लोगों का आरोप है कि 14 साल से सीवर लाइन, स्ट्रीट लाइट और सड़कों के अभाव के कारण उन्हें परेशानी झेलनी पड़ती है।
नगर निगम का वार्ड नंबर 59 सीतापुर परिसीमन के बाद नगर निगम के शामिल हुआ था। वार्ड के शुभम विहार, द्वारिका विहार (फेज एक से चार तक) और मधु विहार कॉलोनी में लगभग 250 मतदाता हैं। नगर निगम में शामिल होने से पूर्व ये क्षेत्र सीतापुर ग्राम पंचायत का हिस्सा था। जबकि ये पूरा क्षेत्र रानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आता है, लेकिन 14 साल पुरानी ये कॉलोनी आज भी विकास की आस लगाए बैठी है। कॉलोनियों में न ही सीवर लाइन है और न ही नालियों का निर्माण कराया गया है। खाली प्लॉटों में गंदा पानी भरा है। सड़कों पर गड्ढे के कारण लोगों का पैदल निकलना भी दूभर है।
स्ट्रीट लाइटों के अभाव में रात होते ही गलियों में अंधेरा पसर जाता है। रविवार को कॉलोनी के लोगों ने एक सभा की, जिसमें यह तय किया गया कि इस बार में चुनाव का बहिष्कार करेंगे। वहीं, कॉलोनीवासियों ने स्थानीय विधायक आदेश चौहान के प्रति भी नाराजगी व्यक्त की।
सभा में डॉ. अजय कौशिक, डॉ. देवेंद्र यादव, डॉ. अरविंद नारायण मिश्र, पुष्पराज शर्मा, डॉ. सिंह देव, यशपाल सिंह, सुनील डिमरी, रामनारायण शर्मा, हरिओम गोयल, वेद प्रकाश गुप्ता, मुकेश कुमार, विशेष चौधरी, विपुल सिंघल, इंदर सिंह, पीके चतुर्वेदी, गीता कौशिक, लक्ष्मी, रेनुका, सीता, विनिता तोमर, मोनिका सहित कई लोग उपस्थित रहे।