ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
50 लाख रुपये घूस मांगने के आरोप में गिरफ्तार किए गए गुवाहाटी में तैनात आयकर आयुक्त श्वेताभ सुमन की दून स्थित कोठी भी सील कर दी गई है। सीबीआई टीम ने शुक्रवार को उनकी राजपुर रोड स्थित कोठी सील कर दी। देहरादून में तैनाती के दौरान आरोपी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के तीन मामले दर्ज किए गए थे। वहीं, आयकर कार्यालय से केस सेटलमेंट की 15 फाइलें चुराने पर सीजेएम कोर्ट में भी मामला दर्ज किया गया था।
वर्ष 2004-05 में श्वेताभ सुमन दून में अपर आयकर आयुक्त पद पर तैनात रहे। जनवरी 2005 में उनके खिलाफ डालनवाला थाने में आयकर विभाग के कार्यालय से केस सेटलमेंट की 15 गोपनीय फाइलें चुराने का मुकदमा दर्ज किया गया। कुछ समय बाद पुलिस ने मामले में फाइनल रिपोर्ट लगा दी थी, लेकिन 2008 में यह मामला तब दोबारा खुल गया जब आय से अधिक संपत्ति के मामले में सुमन के जमशेदपुर स्थित आवास में छापेमारी करने गई सीबीआई टीम ने वहां से पांच फाइलें भी बरामद कर लीं। इस मामले में पुलिस ने फिर जांच की और चार्जशीट दाखिल की।
19 अप्रैल 2010 को सुमन ने सीजेएम अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया, जहां से श्वेताभ सुमन को जमानत मिल गई। सुनवाई के बाद निचली अदालत ने मुकदमा खारिज करने के आदेश दिए। फैसले के खिलाफ राज्य सरकार ने सत्र न्यायालय में पुनर्विचार अपील दाखिल की। न्यायालय ने याचिका को मंजूरी देते हुए सुमन के खिलाफ 15 फाइलें चुराने का केस चलाने के आदेश दिए थे। सुमन के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला भी चल रहा है।
--
कोठी में होगी छानबीन
शुक्रवार को सीबीआई की टीम राजपुर रोड स्थित श्वेताभ सुमन की कोठी पर पहुंची, लेकिन वहां कोई नहीं मिला। इसके चलते टीम कोठी की तलाशी नहीं ले सकी। टीम ने कोठी को सील कर दिया है। सीबीआई सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अगले कुछ दिनों में सुमन के किसी परिजन की मौजूदगी में कोठी की जांच की जाएगी।