जेएनयू प्रकरण को लेकर चार दिन पहले स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के कार्यालय में की गई तोड़फोड़ के मामले में अब तक गिरफ्तारी न होने पर भारत की कम्यूनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) का एक प्रतिनिधिमंडल उत्तराखंड के गृह मंत्री प्रीतम सिंह से मिला। मंत्री ने एसएसपी को आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।
मंगलवार को सीपीआई एम का एक प्रतिनिधिमंडल जिला सचिव राजेंद्र पुरोहित के नेतृत्व में गृह मंत्री प्रीतम सिंह से मिला। उन्होंने बताया कि एबीवीपी के कुछ कार्यकर्ताओं ने उनके कार्यालय में जेएनयू प्रकरण को लेकर तोड़फोड़ की थी। मामले में डालनवाला थाने में रिपोर्ट दर्ज है, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
गिरफ्तारी की मांग
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने जानबूझकर हल्की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। उन्होंने मंत्री से मांग की कि मामले में संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए।
गृह मंत्री ने मामले में गिरफ्तारी के लिए एसएसपी को निर्देश दिए। प्रतिनिधिमंडल में सुरेंद्र सिंह सजवाण, विरेंद्र भंडारी, अनंत आकाश, शिव प्रसाद देवली, लेखराज, यूएन बलोनी आदि मौजूद रहे।