यातायात नियमों का पालन नहीं करने पर चालान के बावजूद देहरादून में व्यवस्था में सुधार न होने पर पुलिस की चिंता बढ़ गई है। ऐसे में पुलिस ने काठमांडू पुलिस की तर्ज पर राजधानी में भी काउंसिलिंग व्यवस्था का प्रस्ताव तैयार किया है।
इसके तहत नियम तोड़ने वालों से जुर्माना नहीं वसूला जाएगा, लेकिन उन्हें पांच से छह घंटे तक पुलिस नियमों का पाठ पढ़ाएगी।
माना जा रहा है कि अभी चालान भुगतकर निकल जाने वाले लोगों के लिए दिनभर बैठे रहना असरदार सबक बन सकता है। हालांकि, पुलिस अधिकारी व्यवस्था लागू करने के बाबत अभी कानूनी विशेषज्ञों से राय भी ले रहे हैं।
ऐसे होती है काउंसिलिंग
काठमांडू में यातायात नियम तोड़ने पर पुलिसकर्मी वाहन चालक से कागजात लेकर रख लेते हैं। चालक को तय तारीख पर काउंसिलिंग के लिए बुलाया जाता है। नियम तोड़ने वालों को पुलिस अधिकारी और विशेषज्ञ पांच से छह घंटे तक नियमों का पाठ पढ़ाते हैं।
काउंसिलिंग पूरी होने के बाद ही चालक को कागजात लौटाए जाते हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि काउंसिलिंग में लगने वाले वक्त की वजह से ही काठमांडू में लोग यातायात नियमों का पालन करते हैं।
आठ माह में वसूले 1.72 करोड़
जिले में सिविल, ट्रैफिक पुलिस और सिटी पेट्रोल यूनिट द्वारा यातायात में सुधार के लिए व्यापक स्तर पर कार्रवाई की गई है। एक अप्रैल से 31 दिसंबर 2014 तक एक करोड़ 72 लाख रुपए राजस्व के रुप में वसूले गए। इनमें से 87 लाख 13800 रुपए अकेले सिटी पेट्रोल यूनिट की कार्रवाई में आए हैं।