हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुंभ मेले के लिए सरकार ने केंद्र से 20 हजार अतिरिक्त कोरोना वैक्सीन की मांग की है। इस संबंध में राज्य सरकार की ओर से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को पत्र भेजा गया है। साथ ही केंद्र के साथ वैक्सीन के लिए संपर्क किया जा रहा है।
कुंभ मेले में कानून व्यवस्था के लिए हजारों पुलिस, होमगार्ड, पैरामिलिट्री फोस के जवान तैनात किए जाएंगे। इसके साथ ही अन्य व्यवस्था के लिए कर्मचारियों को कुंभ ड्यूटी में तैनात किया जाएगा। इन कर्मचारियों को कोरोना टीका लगाने के लिए सरकार ने अलग से वैक्सीन उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
प्रदेश में कोरोना टीकाकरण के शुभारंभ पर 41 केंद्रों पर वेब कास्टिंग की जाएगी। दून और हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में से किसी एक केंद्र पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाइव जुड़ सकते हैं। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने टीकाकरण केंद्रों पर वेब कास्टिंग का इंतजाम कर दिया है। टीकाकरण अभियान शुरू होने से पहले 12 जनवरी को प्रदेश के सभी केंद्रों पर पूर्वाभ्यास किया जाएगा।
उत्तराखंड में 16 जनवरी से कोरोना टीकाकरण की शुरूआत की जाएगी। इसके लिए सरकार ने अभियान के शुभारंभ के लिए 43 केंद्रों का चयनित किया है। इसमें 41 केंद्रों पर टीकाकरण की वेब कास्टिंग की जाएगी। जिससे केंद्र किसी भी सेंटर की लाइव मॉनीटरिंग कर सकेगा। वहीं, दून व हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज में बनाए गए टीकाकरण केंद्र में किसी एक केंद्र पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाइव जुड़ कर टीका लगवाने वाले हेल्थ वर्करों से संवाद कर सकते हैं। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग में व्यापक इंतजाम किए हैं।