हरिद्वाल जिले में तीन पॉजिटिव मामले सामने आने के बाद अब रुड़की में लोगों ने खुद जिम्मेदारी उठानी शुरू कर दी है। सतर्कता के तौर पर रुड़की में लोगों ने अपनी कॉलोनियों की गली और मुख्य रास्तों पर बैरियर और बल्लियां लगाकर बाहरी लोगों के आवागमन पर प्रतिबंध लगा दिया है।
जिले में कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए 24 मार्च से लॉकडाउन शुरू हो गया था। लॉकडाउन के शुरुआती दौर में पुलिस को लोगों के घरों में रखने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। क्योंकि लोग लगातार लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे थे। इसके बाद लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस को सख्ती दिखानी पड़ी थी।
इस कार्रवाई में लोगों के खिलाफ बड़ी संख्या में मुकदमे दर्ज किए गए, लेकिन जब से हरिद्वार में कोरोना पॉजिटिव के तीन मामले सामने आए हैं, लोग लॉकडाउन का गंभीरता से पालन करते नजर आ रहे हैं।
सुभाषनगर, राजेंद्रनगर, शास्त्रीनगर आदि कॉलोनियों में देखने को मिला है कि यहां के लोग अब खुद ही कॉलोनियों के रास्ते बैरियर और बल्लियां लगाकर बंद कर रहे हैं। साथ ही बाहरी व्यक्ति के घर में आने पर पूरी तरह से रोक लगा दी है।