बालावाली-यूपी बॉर्डर पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से कोरोना की जांच शुरू कर दी गई है। लक्सर सीएचसी प्रभारी डॉ. अनिल वर्मा ने बताया कि जिलास्तर से कोरोना की जांच का जिम्मा प्राइवेट लैब को दिया गया है। बॉर्डर से आने वाले बाहरी राज्यों के लोगों की कोरोना जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि पहले दिन 50 लोगों की जांच की गई। इनमें से कोई भी पॉजिटिव नहीं मिला है। उधर, खानपुर सीएचसी प्रभारी डॉ. सुषमा डे ने बताया कि जांच के लिए निजी लैब का नाम तय कर दिया गया है, लेकिन अभी सैंपल को लैब तक ले जाने के लिए वाहन की व्यवस्था नहीं हुई है। बढ़ीवाला बॉर्डर पर बृहस्पतिवार से सैंपलिंग शुरू होने की उम्मीद है।
रेलवे स्टेशन पर 118 यात्रियों की जांच
रेलवे स्टेशनों पर बाहर से आने वाले यात्रियों की बंद पड़ी कोरोना जांच फिर से शुरू कर दी गई है। बुधवार को रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ का कड़ा पहरा रहा। साथ ही ट्रेन से उतरने वाले हर यात्री पर पैनी नजर रही। इस बीच स्टेशन पर ही स्वास्थ्य विभाग की टीम भी तैनात रही। टीम की ओर से स्टेशन पर उतरने वाले यात्रियों की जांच की गई। कई यात्रियों की जांच को लेकर जवानों से तीखी नोकझोंक भी हुई। पहले दिन लक्सर स्टेशन पर 118 यात्रियों की कोरोना जांच हुई।