डीएम ने कंटेनमेंट जोन में होम डिलीवरी के जरिए आवश्यक सामग्री पहुंचाने, क्षेत्रों को डीप सैनिटाइज कराने और लाउड स्पीकर से सूचना प्रसारित करने के आदेश दिए हैं। इसके तहत शुक्रवार को मुख्य नगर आयुक्त ने पहले से ही एक्टिवेट अन्नपूर्णा और संजीवनी एप के जरिए राशन व दवाओं की होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के लिए बैठक की।
कोरोना के मामले सामने आने पर डीएम सी रविशंकर ने रुड़की के सती मोहल्ला और मोहम्मदपुर व लंढौरा के एक क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। डीएम की ओर से जारी आदेशों में कंटेनमेंट जोन में दैनिक आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए पुलिस को हेल्पलाइन शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएम के आदेश पर मुख्य नगर आयुक्त नूपुर वर्मा ने अधिकारियों के साथ बैठक कर इन क्षेत्रों को डीप सैनिटाइज कराने की योजना तैयार की। उन्होंने बताया कि नगर निगम की ओर से राशन की होम डिलीवरी के लिए अन्नपूर्णा और दवाओं के लिए संजीवनी एप पहले से ही काम कर रहा है। गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध दोनों एप का अधिक से अधिक प्रचार किया जाएगा।
इसके जरिए लोगों तक जरूरी सामान पहुंच सकेगा। उन्होंने बताया कि पाबंद क्षेत्रों में डीप सैनिटाइजेशन शुरू कर दी गई है। साथ ही लाउड स्पीकर के माध्यम से लोगों को जरूरी सूचनाएं दी जाएंगी। बैठक में मेयर गौरव गोयल ने मुस्तैदी से काम करने की अपील की। एसएनए चंद्रकांत भट्ट भी मौजूद रहे।