उत्तराखंड में शुक्रवार को एक और कोरोना पॉजिटिव मामला सामने आया था। देर रात स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी हुई रिपोर्ट में ऋषिकेश एम्स की एक इंटर्न में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई। इसके साथ ही अब एम्स में संक्रमित मरीजों की संख्या पांच हो गई है। जिसमें से एक महिला मरीज की मौत शुक्रवार को ब्रेन हैमरेज के कारण हो चुकी है।
राजकीय दून मेडिकल अस्पताल में भर्ती दो और कोरोना मरीज स्वस्थ हो गए हैं। इसमें एक शहर की भगत सिंह कॉलोनी और दूसरा डोईवाला का रहने वाला है।
डॉक्टर दोनों को अस्पताल से डिस्चार्ज करने की जरूरी कार्रवाई कर रहे हैं। दोनों को डॉक्टरों ने 14 दिन तक होम क्वारंटीन रहने की सलाह दी है। वहीं राज्य में कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 59 पहुंच चुकी है। जिनमें से 39 मरीज ठीक हो चुके हैं।
इस तरह से अब दून अस्पताल के पुरुष विंग में पांच और महिला विंग में एक दंपती को मिलाकर कोरोना संक्रमित कुल सात मरीज भर्ती हैं। शनिवार तक अस्पताल के 18 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। जबकि शहर के गढ़ी कैंट स्थित मिलिट्री हॉस्पिटल में भी कोरोना संक्रमित सेना के एक सूबेदार और एक महिला डॉक्टर स्वस्थ हो चुके हैं।
शुक्रवार रात अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान एम्स ऋषिकेश में कार्यरत एक इंटर्न महिला चिकित्सक की चिकित्सकीय रिपोर्ट भी कोरोना वायरस पॉजिटिव आई। इसके बाद एम्स प्रशासन ने इंटर्न के संपर्क में आए लोगों को सूचीबद्ध कर क्वारंटीन करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
डीन (अस्पताल प्रशासन) प्रो. यूबी मिश्रा ने बताया कि फिलहाल इंटर्न जिस हॉस्टल में रहती थी उसे क्वारंटीन कर दिया गया है। यहां रहने वाले अन्य सभी इंटर्नस की टेस्टिंग शुरू कर दी गई है, जिनकी रिपोर्ट रविवार तक आने की संभावना है। साथ ही संक्रमित इंटर्न डॉक्टर के मूवमेंट वाले एरिया को भी चिह्नित कर सेनेटाइजेशन की प्रक्रिया चल रही है।
मेन इमरजेंसी को सैनिटाइजेशन की प्रक्रिया शुरू
संस्थान ने हाल में कोविड इमरजेंसी को बंद कर दिया था और मेन इमरजेंसी को चालू रखा गया था, जहां सभी रोगियों को लिया जा रहा था। मगर अब मेन इमरजेंसी को सैनिटाइजेशन किया जा रहा है। इसके बाद इसे 24 घंटे के लिए बंद कर दिया जाएगा। साथ ही पूर्व में चल रही कोरोना इमरजेंसी को दोबारा शुरू किया जा रहा है। प्रो.मिश्रा ने बताया कि इस बीच संस्थान इमरजेंसी पेशेंट को कोरोना इमरजेंसी में लेगा, जिससे उन्हें उपचार में दिक्कत नहीं आए।
एम्स में कार्यरत कर्मियों के परिजनों की थर्मल स्क्रीनिंग
नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती क्षेत्र में सिटी रिस्पांस टीम (सीआरटी) की ओर से क्षेत्र के अंतर्गत एम्स में कार्य कर रहे कर्मियों के परिवारों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। इस दौरान डॉ. उमाशंकर सती और डॉ. विश्वजीत की ओर से लोगों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया जा रहा है।
नगर पालिका की सिटी रिस्पॉस टीम ने टिहरी जिले में प्रवेश करने वाले 10 लोगों को होम क्वारंटीन किया है। जबकि 10 लोगों का होम क्वारंटीन पीरियड समाप्त हो गया है। उन्हें सावधानी बरतने को कहा गया है।
पालिका के ईओ राजेंद्र सजवाण ने बताया कि शनिवार को दिल्ली से तीन जिला मुख्यालय और 10 लोग देहरादून से बीपुरम आए हैं, उनकी थर्मल स्क्रीनिंग करने के बाद होम क्वारंटीन किया गया है। उधर चंबा क्षेत्र के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। सीएचसी से तीन दिन पहले भेजी गई एक युवक की कोरोना जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है।
बाहरी लोग कल से भेजे जाएंगे घर
चमोली जिले में लॉकडाउन के कारण बाहरी राज्यों और जिलों के फंसे लोगों को उनके गंतव्य तक भेजने की कवायद चार मई से शुरू होगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारी कर ली है।
जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने बताया कि इस संबंध में सभी एसडीएम को ऐसे मजदूरों, पर्यटकों या अन्य लोगों का रजिस्ट्रेशन प्रवासी यात्रा पंजीकरण (कोविड-19) की वेबसाइट
https://dsclservices.org.in/uttarakhand-migrant-registration.php पर पंजीकरण करवाने के लिए कहा गया है।
जो लोग जाना चाहते हैं, उनको ही भेजा जाएगा। जाने वालों को पंजीकरण करवाना अनिवार्य है।