कोरोना के साथ ही बरसात में होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए दूसरे राज्यों से देहरादून जिले में आने वाले हर व्यक्ति और पर्यटक का रजिस्ट्रेशन हर हाल में किया जाए। आशारोड़ी, रायवाला, ऋषिकेश आदि स्थानों पर विशेष चौकसी बरती जाए। जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने जिला कार्यालय में हुई बैठक में अधिकारियों को यह निर्देश जारी किए।
डीएम ने कहा कि जिले के हर प्रवेश द्वार पर मौजूद चेकपोस्टों पर चौकसी बढ़ाने की जरूरत है। यहां आने वाले पर्यटकों समेत अन्य लोगों की जांच कर उनका रजिस्ट्रेशन किया जाना जरूरी है। ताकि जिले में कोरोना का प्रवेश न हो सके।
उप जिलाधिकारी मसूरी को बाहर से आने वाले पर्यटकों की चेकिंग के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग, सैनिटाइजर के साथ ही मास्क न लगाने वाले पर्यटकों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। बैठक में एडीएम प्रशासन अरविंद पांडेय, एसडीएम मसूरी प्रेमलाल, सीओ मसूरी नरेंद्र पंत आदि मौजूद रहे।
पर्यटक स्थलों पर बरसात के दौरान चहलकदमी पर रोक
डीएम ने बरसात के दौरान गुच्चुपानी, सहस्त्रधारा, मालदेवता, शिखर फॉल आदि पर्यटक स्थलों पर विशेष अभियान चलाकर पर्यटकों की अनावश्यक चहलकदमी को रोकने के निर्देश दिए। कहा कि बरसात में इन स्थानों पर अचानक जल प्रवाह बढ़ जाता है, जिसके लिए सतर्क होने की जरूरत है।