उत्तरकाशी के शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित शादी समारोहों में मानक से अधिक भीड़ जुटने से कोरोना संक्रमण का खतरा बढ़ता जा रहा है। पुलिस ने तीन और लोगों के खिलाफ नियमों के उल्लंघन पर मुकदमा दर्ज किया।
डीएम मयूर दीक्षित एवं एसपी मणिकांत मिश्रा ने कहा कि जिले में कोरोना संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसका सबसे बड़ा कारण कोविड गाइड लाइन का पालन नहीं होना है। शादी विवाह आदि समारोहों में सिर्फ 25 लोगों को शामिल होने की अनुमति दी जा रही है।
इसके बावजूद मानक से अधिक भीड़ जुटने की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों व राजस्व पुलिस को कड़ी निगरानी कर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
रविवार को पुरोला थाना पुलिस ने शादी मेहंदी समारोह में मानक से अधिक भीड़ एकत्र होने पर दोणी गांव निवासी धीरपाल, आराकोट निवासी चंद्र लाल व थाना कोतवाली उत्तरकाशी पुलिस ने तांबाखानी निवासी ओमप्रकाश के खिलाफ आपदा प्रबंधन एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है।