काशीपुर में लॉकडाउन की अवधि बढ़ने के बाद उत्तराखंड की सीमाओं पर चौकसी बढ़ा दी गई है। यूपी की सीमा से जुड़े संपर्क मार्गों पर भी पुलिस कर्मियों के साथ ही एसपीओ तैनात किए गए हैं।
सीओ मनोज कुमार ठाकुर ने बताया कि एसएसपी दलीप सिंह कुंवर के निर्देश पर अंतर्राज्यीय सीमाओं पर मोर्चे बनाए गए हैं, जहां 24 घंटे सशस्त्र पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं। मेडिकल इमरजेंसी को छोड़कर किसी अन्य प्रयोजन के लिए बाहरी लोगों को काशीपुर की सीमा में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
रुद्रपुर में पीडब्लूडी के गेस्ट हाउस में ठहरे एक अधिकारी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने 40 कर्मचारियों के सैंपल लिए। देहरादून का अधिकारी तीन दिन पहले पहले पीडब्लूडी कार्यालय में ठहरा था। देहरादून जाने के बाद उसकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
स्वास्थ्य विभाग ने पीडब्लूडी के 40 कर्मचारियों की ट्रू नेट मशीन से कोरोना की जांच की है। आइसोलेशन प्रभारी डॉ. गौरव अग्रवाल ने बताया कि मंगलवार को कलक्ट्रेट परिसर में कैंप लगने के कारण कंटेनमेंट जोन तपस्या विहार की सैंपलिंग नहीं ली जा सकी, वहां बुधवार को सैंपलिंग की जाएगी।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को जिले के छह कोरोना पॉजिटिव लोग स्वस्थ हो गए। उन्होंने आइसोलेशन से डिस्चार्ज कर दिया है। इनमें काशीपुर निवासी चार पुरुष व दो महिलाएं शामिल हैं। जिले में अब तक 251 कोरोना पॉजिटिव लोग स्वस्थ हो चुके हैं।
शासन के आदेश के राज्य सचिवालय में मंगलवार को बड़ी संख्या में कर्मचारी दफ्तर पहुंचे। उधर, विधानसभा में बुधवार से 75 प्रतिशत कर्मचारी पहुंचे। सामान्य प्रशासन विभाग के आदेश के तहत विधानसभा सचिवालय की ओर से सभी कर्मचारियों को आदेश जारी कर दिया गया है।
रोस्टर बनाकर 75 प्रतिशत कर्मचारियों की उपस्थिति तय की जाएगी। सरकारी विभागों में भी कर्मचारियों की उपस्थिति में इजाफा हुआ। हालांकि मंगलवार को 75 प्रतिशत कर्मचारी नहीं पहुंचे। नए रोस्टर का निर्धारण के साथ ही बुधवार से विभागों, कार्यालयों में भी कर्मचारियों की संख्या में बढ़ोतरी होने की संभावना है।