हाईकोर्ट के आदेश पर गठित टिहरी जिला अनुश्रवण एवं निगरानी समिति ने बुधवार को कोविड केयर सेंटर राजकीय श्रीदेव सुमन संयुक्त चिकित्सालय का निरीक्षण किया।
कोविड केयर सेंटर के निरीक्षण को पहुंची समिति के सदस्यों को स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले चार माह से सेंटर में पांच-छह संक्रमित लोग ही भर्ती हैं। सीएमएस डा. अनिल नेगी ने बताया कि चिकित्सालय लेबल-दो का कोविड केयर सेंटर है।
इसमें वेंटिलेटर आदि व्यवस्थाएं मौजूद हैं। समिति के सदस्य/ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अशोक कुमार, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शांति प्रसाद भट्ट ने बताया कि उच्च न्यायालय के आदेशों पर गठित यह समिति प्रत्येक बुधवार को कोविड केयर सेंटरों का निरीक्षण कर उसकी रिपोर्ट हाईकोर्ट को उपलब्ध कराती है। एसडीएम युक्ता मिश्र ने बताया कि अल्ट्रासाउंड सुविधा और पैथोलॉजी लैब की सेवा एक सप्ताह में शुरू की जाएगी।