मंगलवार देर शाम को उत्तरकाशी के मोरी ब्लॉक के सिदरी गांव के निकट एक कार अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि अन्य गंभीर घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।
मंगलवार देर शाम एक कार में सवार दो लोग मोरी के सांकरी से नैटवाड़ क्षेत्र की तरफ जा रहे थे, लेकिन सिदरी गांव के निकट कार अनियंत्रित होकर सांकरी-नैटवाड़ मोटर मार्ग से करीब 50 मीटर गहरे खड्ड में जा गिरी। हादसे में बबलू सिंह (30) पुत्र किशन सिंह निवासी त्यूणी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भरत सिंह (32) पुत्र राम सिंह निवासी त्यूणी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों व ग्रामीणों ने घायल को खड्ड से बाहर निकाल कर सीएचसी मोरी पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हायर सेंटर देहरादून रेफर कर दिया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी देवेंद्र पटवाल ने बताया कि वाहन हादसे में मृत व्यक्ति का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जबकि एक अन्य गंभीर घायल का देहरादून में उपचार चल रहा है।