प्रदेश में जहां कोरोना की सैंपल जांच बढ़ी है वहीं संक्रमित के मामले घट गए हैं। बीते एक सप्ताह में 76 हजार से अधिक लोगों की जांच की गई, जिनमें से 3123 लोग संक्रमित मिले हैं। वहीं, दूसरी ओर पिछले सप्ताह की तुलना में मौत का आंकड़ा बढ़ा है, बीते दिनों हुईं 89 मौतों को मिलाने पर सात दिन में मौतों का आंकड़ा 190 बढ़ गया है।
प्रदेश में कोरोना काल को 217 दिन यानी 31 सप्ताह बीत गए हैं। 11 से 17 अक्तूबर तक 31 वें सप्ताह में जांच बढ़ी है। 30वें सप्ताह में 4463 लोग संक्रमित मिले हैं। उधर, पिछले सप्ताह की तुलना में रिकवरी दर में कमी आई है। पिछले सप्ताह 5091 मरीज ठीक हुए थे, वहीं 31वें सप्ताह में 4634 मरीज ठीक हुए हैं। सैंपल जांच के आधार पर संक्रमण दर 4.07 प्रतिशत रही है।
कोरोना आंकड़ों का अध्ययन कर रहे सोशल डवलपमेंट फॉर कम्युनिटी फाउंउेशन के संस्थापक अनूप नौटियाल का कहना है कि एक अगस्त के बाद साप्ताहिक संक्रमण दर सबसे कम 4.07 प्रतिशत रही है। सैंपल जांच बढ़ने के साथ संक्रमित मामलों में कमी आई है। त्योहारी सीजन में संक्रमण को लेकर और सतर्क रहने की जरूरत है।