प्रदेश में कोरोना काल को 245 दिन यानी 35 सप्ताह का समय बीत गया है। अब त्योहारी सीजन और सर्दी बढ़ने के कारण कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं।
बीते सप्ताह प्रदेश में 2708 संक्रमित मामले और 2641 मरीज ठीक हुए थे। लेकिन 35 वें सप्ताह 08 से 14 नवंबर तक 2966 संक्रमित मामले और 2332 मरीज ठीक हुए हैं। वहीं, सप्ताह में मौत का आंकड़ा कम हुआ है। जहां पहले 40 संक्रमितों की मौत हुई थी। वह घटकर 39 पहुंच गई हैं।
कोरोना आंकड़ों का अध्ययन कर रहे सोशल डेवलपमेंट फॉर कम्युनिटी फाउंडेशन के संस्थापक अनूप नौटियाल का कहना है कि सैंपल जांच के आधार पर संक्रमण बढ़ रहा है। एक सप्ताह में कुल जांच पर संक्रमण दर 4.11 प्रतिशत है। त्योहारी सीजन के कारण प्रदेश में संक्रमित मामले बढ़ रहे हैं और ठीक होने वाले मरीजों की संख्या कम है।
बता दें कि प्रदेश में कुल संक्रमितों की संख्या 68 हजार पार हो चुकी है। इसमें 61950 मरीज ठीक हो चुके हैं। कोरोना से अब तक 1107 संक्रमितों की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि लोगों को त्योहारी सीजन व सर्दियों में संक्रमण को लेकर और सतर्क रहने की जरूरत है।