देहरादून जिले में मंगलवार को कोरोना संक्रमितों के मिलने पर तीन इलाकों को कंटेनमेंट जोन बनाया गया, जबकि दो इलाकों में 14 दिन के एक्टिव सर्विलांस में नया मामला सामने न आने पर उन्हें पाबंद से मुक्त कर दिया गया है।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, नगर निगम देहरादून की टिक्की वाली गली बलबीर रोड, 335 लेन नंबर-11 चमन विहार जीएमएस रोड एवं तहसील विकासनगर क्षेत्रांतर्गत स्थित ग्राम सुद्धोवाला वार्ड-1 में कोरोना संक्रमित लोगों के मिलने पर उसे कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। जबकि 572/2 इंद्रानगर एवं वाणी विहार लेन नं.-2 में कोरोना का नया मामला सामने न आने पर उसे कंटेनमेंट जोन से मुक्त कर दिया गया है।
1849 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। 1152 व्यक्तियों का फोन के जरिए सर्विलांस किया गया। आगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने 22269 की सामुदायिक निगरानी की। कोविड-19 को लेकर जिले के अस्पतालों में 258 आईसीयू बेड खाली हैं। वहीं, सार्वजनिक स्थानों पर मास्क न लगाने पर 110 लोगों के चालान किए गए।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को पूर्णागिरि धाम के 250 से अधिक पुजारियों, दुकानदारों और कर्मचारियों के सैंपल लिए। सैंपलों को सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी भेजा गया है। सैंपलों की रिपोर्ट 16 अक्तूबर को आने की उम्मीद है।
प्रशासन ने नवरात्र में उत्तराखंड से बाहर के श्रद्धालुओं को मां पूर्णागिरि के दर्शन के लिए सशर्त आने की अनुमति दी है। इसे देखते हुए प्रशासन और मंदिर समिति नवरात्र की व्यवस्था बनाने में जुटी है। विशेषकर कोरोना का संक्रमण रोकने के लिए नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की व्यवस्था पर अधिक जोर दिया जा रहा है।
मंगलवार को तहसीलदार खुशबू पांडेय और चिकित्साधिकारी डॉ. मो. उमर की अगुवाई में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूर्णागिरि धाम के सेलागाड़ में शिविर लगाकर पुजारियों, दुकानदारों और कर्मचारियों के सैंपल लिए।
कोरोना जांच कराने से कई लोग रह गए वंचित
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोपहर डेढ़ बजे तक ही सैंपलिंग की। इसके चलते धाम के कई पुजारी और दुकानदार कोरोना की जांच कराने से वंचित रह गए। मंदिर समिति के उपाध्यक्ष नीरज पांडेय ने बताया कि करीब 60 लोग टीम के जाने के बाद मौके पर पहुंचे, जिन्हें बिना सैंपल दिए ही वापस लौटना पड़ा।
मंदिर समिति ने शुरू किया सैनिटाइजिंग
मंदिर समिति के स्वयंसेवकों ने मंगलवार को भैरव मंदिर और सेलागाड़ क्षेत्र में सैनिटाइजर का छिड़काव किया। मंदिर समिति अध्यक्ष पं. भुवन चंद्र पांडेय ने बताया कि समिति प्रशासन की ओर से तय नियमों को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं को देवी मां के दर्शन कराने की व्यवस्था कर रही है।