सीमांत जिले पिथौरागढ़ में कोरोना संक्रमितों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। बुधवार को जिले में 12 कोविड रोगी मिले हैं। इस बीच, डीएम डॉ. विजय कुमार जोगदंडे के पॉजिटिव आने के बाद कार्यालय को 48 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है।
बुधवार को पिथौरागढ़ में आरटीपीसीआर से छह, एंटीजन से दो और ट्रूनेट जांच में पांच कोरोना संक्रमित मिले। जिले में अब तक कोविड के 960 मामले सामने आ चुके हैं। इसमें 808 रोगी स्वस्थ होकर घरों को लौट चुके हैं, जबकि तीन की मौत हुई है।
डीएम के कोविड पॉजिटिव आने के बाद कार्यालय 48 घंटे के लिए बंद कर दिया है। सीएमओ एचसी पंत ने बताया कि कोषागार और डीएम कार्यालय दो दिन के लिए बंद रहेंगे। दो दिन बाद सभी कर्मियों और अधिकारियों के सैंपल जांच को भेजे जाएंगे।