रविवार को साप्ताहिक बंदी के दिन पुलिस कप्तान डीआईजी अरुण मोहन जोशी ने पुलिसकर्मियों को गली से लेकर बॉर्डर तक चौकन्ना रहने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को भ्रमण पर रहने को कहा गया है। साथ ही तमाम तरह की गतिविधियों पर नजर रखते हुए नियम का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रविवार को साप्ताहिक बंदी के दिन व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। इस दौरान गली मोहल्लों की दुकानों से लेकर मॉल और मार्ट तक को बंद रखा जाएगा। केवल आवश्यक वस्तुओं की दुकानों को छूट दी गई है। हालांकि, इस दौरान आने जाने पर कोई रोक नहीं रहेगी। लेकिन, बॉर्डर पर विशेष नजर रखने को कहा गया है। आशारोड़ी, विकासनगर और सप्तऋषि बार्डर पर सीओ की ड्यूटी लगाई गई है।
वर्तमान में टेस्ट आदि की जो व्यवस्था चल रही है उसे सभी संबंधित विभागों के साथ मिलकर पूरा किया जा रहा है। डीआईजी ने बताया कि इस दौरान नियमों का पालन न करने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चालान से लेकर संबंधित धाराओं में मुकदमा भी दर्ज किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस की तैयारियां पूरी हैं और प्रशासन के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित किया जा चुका है।