उत्तराखंड में कहीं कोरोना के बचाव के लिए वैक्सीनेशन जारी है तो कहीं-कहीं वैक्सीन खत्म होने की भी खबरें आ रही हैं। हरिद्वार जनपद में कुल एक 161 कोरोना वैक्सीनेशन सेंटर बनाए गए हैं। जिनमें 45 वर्ष के ऊपर वालों के लिए 143 केंद्र बनाए गए हैं। 18 केंद्र 18 से 44 वर्ष तक के लिए हैं। अभी तक लगभग पौने दो लाख लोगों को कोरोना के टीके लग चुके हैं।
उत्तराखंड में कोरोना : एम्स ऋषिकेश में हाई रिस्क वाले संक्रमितों के लिए ब्लैक फंगस की जांच अनिवार्य
शनिवार से 45 वर्ष के ऊपर वाले लोगों के लिए वैक्सीन खत्म हो चुुकी है। 18 से 44 वर्ष के लोगों के लिए 14 हजार 800 डोज की दूसरी खेप शनिवार रात मिली है, लेकिन प्रत्येक केंद्र पर न्यूनतम सौ और अधिकतम तीन सौ डोज दी जा रही हैं। वैक्सीन की कमी होने से पंजीकरण कराने वाले लोग निराश होकर लौट रहे हैं।
उत्तराखंड : खांसी और बुखार के बाद रुड़की के लिब्बरहेड़ी गांव में 15 दिन में 35 लोगों की मौत
45 आयु वर्ग के ऊपर वालों के लिए कोरोना वैक्सीन समाप्त
ऋषिकेश के एसपीएस राजकीय चिकित्सालय में परिसर में 45 आयु वर्ग के लोगों को कोरोना की वैक्सीन लगाई जा रही थी। लेकिन बीते दो दिन से वैक्सीन समाप्त हो गई है। यहां रोजना 50 से 60 लोग वापस लौट रहे हैं। देहरादून रोड स्थित राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय नंबर एक में 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों के लिए कोरोना वैक्सीन का सेंटर बना हुआ है। नोडन अधिकारी एसएस यादव ने बताया कि केंद्र प्रतिदिन 280 से 290 लोगों को कोरोना की वैक्सीन लग रही है।
टिहरी जिला अंतर्गत मुनिकीरेती में भी बीते दो दिन से 45 आयु वर्ग के ऊपर वालों के लिए वैक्सीन समाप्त हो गई है। यहां दोगी पट्टील, फकोट, ढालवाला और नरेंद्रनगर सरकारी अस्पताल में 45 आयु वर्ग के लोगों को वैक्सीन लगती हैं। यहां भी 60 से 70 लोग वापस लौट रहे हैं। पूर्णानंद इंटर कॉलेज मुनिकीरेती में 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों को कोरोना की वैक्सीन लग रही है।
नोडल अधिकारी डा. जगदीशचंद शर्मा ने बताया कि 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों के लिए पहले 300 का स्लॉट आ रहा था, लेकिन बीते दो दिनों से अब इसी वर्ग का सौ का स्लॉट आ रहा है। पौड़ी जिला अंतर्गत यमकेश्वर ब्लॉक के नोडल अधिकारी डा. राजीव कुमार ने बताया कि यमकेश्वर ब्लॉक क्षेत्र में 45 आयु वर्ग के ऊपर वाले लोगों के लिए भृगुखाल, यमकेश्वर अस्पताल, राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय लक्ष्मणझूला, दिउली, मोहनचट्टी, गैंडखाल, बनचूरी और भरपूर में वैक्सीनेशन लगाया जा रहा है। इस वर्ग के लोगों के लिए अभी करीब तीन दिन तक के लिए पर्याप्त वैक्सीन है। यहां रोजाना सौ लोगों को वैक्सीन लग रही है।
चमोली जनपद में पर्याप्त वैक्सीन
चमोली जनपद में 18 से 44 वर्ष तक के लोगों के लिए कोविसिल्ड वैक्सीन 520 और को वैक्सीन के 1520 टीके उपलब्ध हैं। जबकि 45 वर्ष से अधिक के लोगों के लिए 1340 वैक्सीन उपलब्ध हैं। जिले में 44 वर्ष तक के लगभग 6500 लोगों का टीकाकरण हो चुका है। ग्रामीण क्षेत्रों में कोरोना जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग की 79 टीमें बनाई गई हैं। जिले की कोविड इंचार्ज डा. उमा रावत ने बताया कि जिले में कहीं भी वैक्सीन की कमी नहीं है। जिले में नौ केंद्रों पर कोरोना टीकाकरण चल रहा है।
वैक्सीन नहीं होने से पांच टीकाकरण केंद्रों पर लटके ताले
कोटद्वार क्षेत्र में कोरोना वैक्सीन का स्टॉक समाप्त होने पर कोटद्वार के पांच कोरोना टीकाकरण केंद्रों पर पिछले तीन दिनों से तालेे लटके हुए हैं। टीकाकरण नहीं होने से लोग मायूस लौट रहे हैं। कोटद्वार में 18 से 44 वर्ष आयु वर्ग के लिए राजकीय इंटर कॉलेज कण्वघाटी को केंद्र बनाया गया है। यहां पर टीकाकरण सुचारु रूप से जारी है।
45 वर्ष से अधिक आयु के लिए बेस अस्पताल कोरोना वैक्सीनेशन सेंटर, जीआईसी सुखरो, जीआईसी घमंडपुर, जीआईसी झंडीचौड़ और जीजीआईसी कलालघाटी में टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं, लेकिन गत तीन दिनों से वैक्सीन समाप्त होने के कारण पांचों सेंटर बंद पड़े हैं। लोग सुबह टीकाकरण केंद्र पर लाइन पर लग रहे हैं, लेकिन स्वास्थ्य कर्मियों के नहीं आने पर लोग घंटों लाइन पर लगकर लौट रहे हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसकी लोगों को जानकारी नहीं दिए जाने के कारण लोगों में रोष व्याप्त है। दुगड्डा ब्लाक के कोविड-19 चिकित्साधिकारी डॉ. शैलेंद्र बड़थ्वाल ने बताया कि वैक्सीन समाप्त होने के कारण टीकाकरण नहीं हो रहा है। सरकार को डिमांड भेजी गई है। वैक्सीन उपलब्ध होते ही टीकाकरण शुरू कर दिया जाएगा।