पुलिस महानिदेशक अनिल कुमार रतूड़ी ने रेड जोन से आने वालों वालों को इंस्टीट्यूट (संस्थागत) क्वारंटीन करने के निर्देश दिए है। बृहस्पतिवार को मुंबई से हरिद्वार आए 1152 प्रवासियों को इंस्टीट्यूट क्वारंटीन किया गया है।
पुलिस महानिदेशक रतूड़ी बृहस्पतिवार को पुलिस कप्तानों, सेनानायकों और परिक्षेत्र प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फेंसिंग कर कोरोना वायरस से बचाव की तैयारियों और लॉकडाउन की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे। डीजी अपराध अशोक कुमार ने निर्देश दिए कि लॉकडाउन चार के नियमों और निर्देशों का अनुपालन्र विनम्रता और दृढ़ता के साथ कराना है। होम क्वारंटीन का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। क्वारंटीन उल्लंघन के संबंध में डायल 112 की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जाए। इसके अलावा डायल 112 से प्राप्त घरेलू हिंसा से संबंधित शिकायतों को गंभीरता से लें।
सार्वजनिक स्थानों पर मास्क न पहनने वालों, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करने वालों को किसी तरह की छूट ना दी जाए। पुलिसकर्मियों को समय-समय पर प्रशिक्षित करने और संक्रमण से बचाव हेतु उन्हें डबल प्रोटेक्शन दिया जाए। डीजी ने कोरोना ड्यूटी में नियुक्त पुलिसकर्मी तथा उल्लेखनीय कार्य करने वाले जनता के एक व्यक्ति को कोरोना वॉरियर्स के रूप में प्रतिदिन सम्मानित करने के निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फेंसिंग में अपर पुलिस महानिदेशक अभिसूचना वी विनय कुमार, पुलिस महानिरीक्षक अभिनव कुमार, अमित सिन्हा, संजय गुंज्याल, एपी अंशुमान, डीआईजी एसटीएफ रिधिम अग्रवाल, मुख्तार मोहसिन, एसपी रेलवे मंजूनाथ टीसी आदि मौजूद रहे।
उत्तरकाशी में मुंबई से बिना पास के विकासनगर होते हुए चोरी-छिपे अपने गांव भंकोली पहुंचे युवक के खिलाफ राजस्व पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। युवक के परिवार के पांच सदस्यों के खिलाफ भी तथ्य छिपाने एवं क्वारंटीन के उल्लंघन की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
बीते 13 मई को मुंबई से चला युवक 16 मई को विकासनगर पहुंचा था। यहां रैंडम सैंपलिंग के तहत युवक का सैंपल लिया गया। दो दिन तक विकासनगर में ही रुकने के बाद युवक चोरी-छिपे जनपद की सीमा में प्रवेश कर नौगांव प्रखंड स्थित अपने गांव भंकोली पहुंच गया।
एसडीएम पुरोला मनीष कुमार ने बताया कि गांव में घुसने व तथ्य छिपाकर अन्य लोगों की जान को खतरे में डालने के लिए युवक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या के प्रयास के लिए धारा 307ए 210ए 51इए 269ए 270ए 188 एवं आपदा प्रबंधन एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि युवक के परिवार के पांच सदस्यों के विरुद्ध भी तथ्य छुपाने एवं वारंट इन नियमों का उल्लंघन करने के लिए मुकदमा दर्ज किया गया है। कोरोना जांच में युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है।
रुड़की में हाईकोर्ट के आदेश पर रुड़की में संस्थागत क्वारंटीन करने पर राजस्थान से आए प्रवासियों ने विरोध करते हुए हंगामा कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर
पहुंची उन्हें समझाकर शांत किया। साथ ही आश्वासन दिया कि उन्हें क्वारंटीन के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। दूसरी ओर, महाराष्ट्र से ट्रेन से हरिद्वार पहुंचे 504 लोगों को पिरान कलियर के अलग-अलग गेस्ट हाउसों में संस्थागत क्वारंटीन किया गया है।
हाईकोर्ट के आदेश पर प्रदेश में लौटने वाले प्रवासियों को बॉर्डर पर ही रोककर क्वारंटीन करने का काम पुलिस प्रशासन ने बृहस्पतिवार से शुरू कर दिया। दोपहर में राजस्थान से रुड़की पहुंचे 53 लोगों को पुलिस ने रोक लिया और एनआईएच के गेस्ट हाउस ले गई। यहां क्वारंटीन करने पर प्रवासियों ने विरोध शुरू कर दिया। पुलिस के जवानों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे घर जाकर होम क्वारंटीन होने की जिद पर अड़ गए और हंगामा कर दिया।
सूचना मिलते ही एसएसआई प्रदीप कुमार पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और प्रवासियों को बताया कि हाईकोर्ट के आदेश का पालन किया जा रहा है। उन्हें यहां क्वारंटीन रहने में कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। उनके खाने-पीने की पूरी व्यवस्था की जाएगी। पुलिस के आश्वासन पर लोग शांत हुए। वहीं, बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के प्रवासियों को लेकर एक ट्रेन हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर पहुंची। इसके बाद 504 लोगों को अलग-अलग बसों में बैठाकर पिरान कलियर लाया गया। यहां
अलग-अलग गेस्ट हाउसों में सभी को क्वारंटीन किया गया है।
एसपी देहात एसके सिंह ने बताया कि महाराष्ट्र से हरिद्वार ट्रेन से पहुंचे 504 लोग उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के के हैं। इनमें उत्तराखंड के चमोली के 112, रुद्रप्रयाग के 294, उत्तरकाशी के 45 और हरिद्वार जिले के आठ लोग हैं। जबकि पश्चिमी यूपी के बिजनौर और सहसपुर के 35 लोग हैं। इन सभी को क्वारंटीन किया गया है।
क्वारंटीन सेंटरों के बाहर पुलिस तैनात
क्वारंटीन सेंटरों के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है। सभी प्रवासियों से पुलिस का सहयोग करने की बात कही गई है। साथ ही इन सभी लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है। अगर किसी में कोई लक्षण मिलता है तो उसे आइसोलेट कर सैंपल जांच को भेजा जाएगा। साथ ही इन सभी लोगों के परिजनों से संपर्क कर क्वारंटीन होने की जानकारी दी जा रही है।