लॉकडाउन में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पास बनाकर कोटद्वार और निकटवर्ती पर्वतीय क्षेत्र में प्रवासियों के लौटने का सिलसिला जारी है। पिछले 12 दिनों से उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड की सीमा पर स्थित कौड़िया चेक पोस्ट पर करीब 2600 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है।
कोटद्वार के कौडिया चेक पोस्ट पर इन दिनों देश के विभिन्न शहरों से कोटद्वार, भाबर, दुगड्डा ब्लाक, जयहरीखाल, रिखणीखाल, नैनीडांडा, द्वारीखाल, यमकेश्वर और बीरोंखाल ब्लाक के प्रवासी अपने गांव को लौट रहे हैं। पिछले 12 दिनों से चेक पोस्ट पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। कई बार भीड़ अधिक होने के कारण सोशल डिस्टेंसिंग बनाने में पुलिस प्रशासन को पसीना बहाना पड़ा।
जिसके बाद भीड़ को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने चेकपोस्ट के नजदीक एक खेत में चार काउंटर लगाकर थर्मल स्क्रीनिंग और पंजीकरण की व्यवस्था बनाई है। यहां पर अब सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए लोग लाइन पर लगकर होम क्वारंटीन की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं।
उधर, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, गोवा, हिमांचल के विभिन्न शहरों से सैकड़ों की तादात में पहुंच रहे प्रवासियों की व्यवस्था बनाने के लिए प्रशासन जुटा हुआ है। एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि कौड़िया चेकपोस्ट पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए निजदीक के एक प्लॉट में व्यवस्था बनाई गई है। होम क्वारंटीन किए गए प्रवासियों को नियमों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई है।
उत्तराखंड में देहरादून सहित अन्य जिलों में बुधवार से सैलून, स्पा और पार्लर खुल गए हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष कुमार श्रीवास्तव ने मंगलवार को लॉकडाउन-4.0 के तहत बुधवार से नई व्यवस्था लागू कर दी है।
उन्होंने बताया कि सैलून, स्पा एवं पार्लर भी खुलेंगे। इन दुकानों में एक व्यक्ति के सुविधा उपयोग के बाद सभी उपकरण सैनिटाइज करने होंगे। दुकान के अंदर एक समय में अधिकतम पांच व्यक्ति (दो स्टॉफ, तीन उपभोक्ता) ही मौजूद रहेंगे।
शहर के बाजार सुबह सात से शाम चार बजे तक ही खुलेंगे। रविवार को डेयरी, फल-सब्जी की दुकान एवं मेडिकल स्टोर को छोड़कर सभी प्रतिष्ठान बंद रहेंगे।
आज देहरादून में 1152 यात्रियों को लेकर श्रमिक एक्सपे्रस बिहार के लिए रवाना हो गई। इससे पहले गोवा से प्रवासियों को लेकर श्रमिक एक्सप्रेस मंगलवार को सुबह 5.30 बजे हरिद्वार पहुंची। ट्रेन से पहुंचे 1282 प्रवासियों को बसों से उनके घर भेज दिया गया।
हरिद्वार के सभी 26 लोगों के सैंपल लेते हुए उन्हें होम क्वारंटीन कर दिया गया। सभी के नाम पते नोट करते हुए बसों में बैठाकर रवाना किया। 11 बजे तक सभी यात्रियों को 40 बसों में बैठाकर रवाना कर दिया।
रुद्रप्रयाग से कोरोना जांच के लिए 20 और सेंपल भेजे
रुद्रप्रयाग से स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना जांच के लिए 20 और सैंपल भेजे गए हैं। जिले में अभी 99 सेंपल जांच को भेजे गए हैं, जिसमें 74 निगेटिव आये हैं। मंगलवार को पौड़ी जनपद में गुरुग्राम से लौटे 25 वर्षीय युवक में भी कोरोना संक्रमण मिला। संक्रमित युवक मूल रूप से टिहरी जनपद के कीर्तिनगर विकास खंड का रहने वाला है। जिसके बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कीर्तिनगर के डॉक्टर और अन्य स्टाफ को क्वारंटीन किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन युवक के साथ यात्रा करने वालों को ट्रेस कर रहा है। युवक 27 लोगों के साथ हरिद्वार से कीर्तिनगर पहुंचा था। इसके बाद 15 लोग एक ही बस से गांव भेजे गए थे।
वहीं नैनीताल में पॉजिटिव मिले पांच लोगों के बाद सूखाताल टीआरसी को सील कर दिया गया है। ये लोग टीआरसी में क्वारंटीन किए गए थे। जिस कमरे में ये लोग थे, उसे कई बार सैनिटाइज किया जा चुका है। नैनीताल जेल में कैदियों की रैंडम सैंपलिंग की जा रही है।