प्रदेश में कोरोना टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के लिए अब हर दिन वैक्सीन लगाई जाएगी। पहले चरण में स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगाने के लिए दिए गए लक्ष्य के आधार पर जिले वैक्सीन लगाने का दिन तय करेंगे। शनिवार को प्रदेश के 43 बूथों पर 2973 कर्मियों ने कोरोना वैक्सीन लगवाई है। अब तक 28791 कर्मियों को वैक्सीन लगाई जा चुकी है।
शनिवार को देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी, ऊधमसिंह नगर जिले में 43 बूथों पर टीकाकरण अभियान चलाया गया। शुरुआत में केंद्र सरकार ने उत्तराखंड में वैक्सीन लगाने के लिए चार दिन तय किए थे। जिनमें सोमवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार व शुक्रवार शामिल थे। लेकिन अब प्रदेश में हर दिन स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना वैक्सीन लगवाई जाएगी। जिले लक्ष्य के अनुसार टीकाकरण का दिन निर्धारित करेंगे।
राज्य कोविड कंट्रोल रूम के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर डॉ. अभिषेक त्रिपाठी ने कहा कि जिन जिलों में स्वास्थ्य कर्मियों को कोरोना टीका लगाने का लक्ष्य ज्यादा है। वे पूरे सप्ताह अभियान को जारी रख सकते हैं। अब सप्ताह में चार दिन की वैक्सीन लगाने की बंदिश नहीं है। प्रदेश में अब तक 28791 स्वास्थ्य कर्मियों को वैक्सीन लगवाई जा चुकी है।
मुख्य सचिव ओम प्रकाश शनिवार को निजी दौरे पर नैनीताल पहुंचे। इस दौरान राज्य अतिथि गृह में पत्रकारों से वार्ता में मुख्य सचिव ने कहा कि कोरोना काल में राजस्व प्राप्ति प्रभावित होने से राज्य को करीब चार हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। इस पर सुधार के लिए केंद्र सरकार से ऋण की मांग की जा सकती है। केंद्र से राज्य की जीडीपी का दो फीसदी लोन के रूप में दिया जा सकता है, जो लगभग 4800 करोड़ रुपये है।
मुख्य सचिव कहा कि पलायन की रोकथाम के लिए पर्यटन के क्षेत्र पर जोर दिया जा रहा है। होम स्टे को बढ़ावा देते हुए वीर चंद्र गढ़वाली और अन्य योजनाओं के तहत युवाओं को लोन की सुविधा दी जा रही है। अन्य रोजगार उपलब्ध कराने की कवायद भी की जा रही है। पलायन पर कहा कि अगर बेहतरी के लिए कोई व्यक्ति बाहर जा रहा है तो वह गलत नहीं है। यदि मजबूरी में काम न मिलने के कारण राज्य से बाहर जाना पड़ रहा है तो सोचनीय विषय है। राज्य में अधिकतर कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने पर इस वर्ष भर्तियों के लिए सरकार की ओर से स्पेशल ड्राइव चलाया जा रहा है। इसमें पूर्व वर्षों की तुलना पर अधिक पदों पर भर्तियां निकालकर नियुक्तियां की जाएंगी, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों को रोजगार प्राप्त हो सके।