चंपावत में क्षेत्रीय विधायक कैलाश गहतोड़ी के रसोइये के कोरोना पॉजिटिव मिलने से कार्यकर्ताओं में हड़कंप मचा है। प्रशासन के अनुसार विधायक की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने वाले सभी कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों के कोरोना सैंपल लिए जाएंगे।
बता दें कि 15 अगस्त को सर्किट हाउस में विधायक कैलाश गहतोड़ी की जन्मदिन पार्टी आयोजित कर केक काटा गया। इस दौरान रैपिड एंटीजन टेस्ट में विधायक का रसोइया कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इसकी जानकारी मिलने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में हड़कंप मच गया।
कई कार्यकर्ता सैंपल देने के लिए स्वयं अस्पताल पहुंच गए। तहसीलदार प्रियंका रानी ने बताया कि विधायक की पार्टी में नजदीकी संपर्क में आए बेहद करीबी कार्यकर्ताओं के साथ ही कार्यक्रम में शामिल अन्य सभी लोगों की सूची तैयार की जा रही है। जल्द ही सभी लोगों की सैंपलिंग की जाएगी और जरूरत पड़ी तो उन्हें आइसोलेट किया जाएगा।
जिला अस्पताल में 16 एंटीजन और 18 के ट्रूनेट टेस्ट सैंपल लिए गए। जिला अस्पताल के पीएमएस डॉ.आरके जोशी ने बताया कि मंगलवार को लिए गए सभी टेस्ट निगेटिव आए हैं।