प्रदेश में कोविड-19 टीकाकरण अभियान के तहत शुक्रवार को 2308 स्वास्थ्य कर्मचारियों के कोरोना वैक्सीन लगाई गई। पांच दिनों में 10514 स्वास्थ्य कर्मचारियों को कोरोना का टीका लगाया जा चुका है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, 34 बूथों में हुआ कोरोना टीकाकरण पूरी तरह से सफल रहा। प्रदेश में पहले चरण का टीकाकरण 16 जनवरी को शुरू हुआ था। शुक्रवार को टीकाकरण का पांचवा दिन था।
किस जिले कितनों को लगी वैक्सीन
अल्मोड़ा-118, बागेश्वर 96, चमोली 183, चंपावत 165, देहरादून 440, हरिद्वार 190, नैनीताल 230, पौड़ी 125, पिथौरागढ़ 100, रुद्रप्रयाग 155, टिहरी 143, यूएसनगर 241, उत्तरकाशी 122।
कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए उत्तराखंड सरकार ने आरटीपीसीआर और रेपिड एंटीजन जांच की दरें घटा दी हैं। निजी पैथोलॉजी प्रयोगशालाओं में आरटीपीसीआर की जांच 500 रुपये और रेपिड एंटीजन की जांच 427 रुपये में होगी।
कोविड जांच के लिए प्रदेश सरकार ने दूसरी बार दरें घटाई हैं। आरटीपीसीआर सैंपल की जांच दर अब तक 900 रुपये थी, जिसे घटाकर 500 रुपये प्रति सैंपल कर दिया गया है। वहीं, रेपिड एंटीजन सैंपल की जांच दर 719 रुपये प्रति सैंपल थी, जिसे घटाकर 427 रुपये कर दिया गया है।
नई दरों के अनुसार सरकारी व निजी अस्पतालों से भेजे जाने वाले सैंपलों की आरटीपीसीआर जांच 400 रुपये प्रति सैंपल में की जाएगी। जबकि निजी प्रयोगशालाओं की ओर से स्वयं एकत्रित किए जाने वाले सैंपल की जांच 500 रुपये में की जाएगी।