कोरोना से जंग जीत चुके लोगों पर ब्लैक फंगस के संक्रमण का ही नहीं, बल्कि कई रक्त विकारों का भी खतरा मंडरा रहा है। विशेषज्ञ डॉक्टरों के मुताबिक, उनकी धमनियों में रक्त के थक्के जमने से हृदय, मस्तिष्क समेत शरीर के कई अंगों तक खून ठीक से नहीं पहुंच पाता। इससे ब्रेन स्ट्रोक, लकवा, हार्ट अटैक व पेट दर्द के मामले बढ़ रहे हैं।
लेते रहें खून पतला करने की दवाएं
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल के कोरोना के नोडल अधिकारी एवं वरिष्ठ पल्मनोलॉजिस्ट डॉ. अनुराग अग्रवाल ने बताया कि शरीर के विभिन्न अंगों तक रक्त का प्रवाह सही रखने के लिए अपने डॉक्टर की सलाह पर खून पतला करने की दवाएं लेते रहें।
शरीर में पानी की मात्रा कम न होने दें
श्री महंत इंद्रेश अस्पताल पटेलनगर के वरिष्ठ न्यूरो सर्जन डॉ. पंकज अरोड़ा के अनुसार, दिमाग में थक्का जमने से ब्रेन स्ट्रोक और लकवा भी पड़ रहा है। इससे बचने के लिए शरीर का हाइड्रेशन सही रखें और खूब पानी पीयें। समय पर चेकअप कराते रहें।
बढ़ सकती हैं पेट संबंधी दिक्कतें
आरोग्यधाम हेल्थ सिटी के वरिष्ठ गेस्ट्रो सर्जन डॉ. विपुल कंडवाल ने बताया कि कोरोना वायरस गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल ट्रैक को भी संक्रमित कर सकता है। थक्कों की वजह से आंत में खून का प्रवाह बाधित होता है। इससे पेट दर्द व अन्य दिक्कतें हो सकती हैं।
खान-पान का रखें खास ख्याल
मांसाहारी, गरिष्ठ और बासी भोजन ना लें। हल्का, शाकाहारी, पोषक, तरल खाद्य पदार्थ, ताजी हरी व रेशेदार सब्जियां, फल आदि अपने डाइट चार्ट में उचित मात्रा में शामिल करें।