निरंजनपुर मंडी बंद होने और बाहरी राज्यों की फल-सब्जियों पर रोक का असर बाजार पर दिखने लगा है। बाजार में कई फलों की कमी भी होने लगी है। हालांकि सब्जियों की सप्लाई लोकल से हो रही है, जिससे रिटेल बाजार में सब्जियों की कोई दिक्कत नहीं है।
राजधानी के रिटेल बाजार में लौकी, करेला, भिंडी, शिमला मिर्च, कद्दू, तोरी, बैंगन, मटर की सप्लाई स्थानीय किसान कर रहे हैं। रायपुर, मालदेवता और उत्तरकाशी से लगे इलाकों से किसान सब्जियां ला रहे हैं। इसके अलावा सोमवार को विकासनगर और हिमाचल मंडी से भी सब्जियां मंगाई गई। रुड़की, भगवानपुर और ऋषिकेश मंडी से सब्जियां लाई जा रही हैं।
हालांकि फलों की सप्लाई पर असर पड़ा है। ज्यादातर फल बाहरी राज्यों से आ रहे हैं इसलिए फिलहाल उनकी सप्लाई रोक दी गई है। बुरहानपुर (एमपी) से पपीता, आंध्रा से आम, सहारनपुर, बिजनौर से आडू, चीकू, तरबूज, खरबूज जैसे फल भी नहीं आ रहे हैं। अभी केला और सेब कोल्ड स्टोर से लाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मंडी बंद होने से पहले आम का एक ट्रक दून के लिए निकला था, जो पहुंच गया है।
45 गाड़ियों से बेची सस्ती सब्जी
सोमवार को लोगों को सस्ती सब्जियां उपलब्ध कराने के लिए मंडी प्रशासन ने कुल 45 गाड़ियां रवाना की। इसके जरिये कुल 610 क्विंटल ताजी सब्जी और फल बेचे गए। मंडी सचिव विजय थपलियाल ने बताया कि कई अन्य क्षेत्रों से भी गाड़ी की डिमांड आ रही है। धीरे-धीरे गाड़ियों की संख्या में बढ़ोत्तरी की जाएगी।