कोविड प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को कोविड की संभावित तीसरी लहर से निपटने के लिए की जा रही तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जा सकती। समय रहते पर्याप्त बेड, आवश्यक दवाओं और अन्य जरूरतों की व्यवस्था कर ली जाए।
न्यू कैंट रोड स्थित कैंप कार्यालय में अधिकारियों की बैठक लेते हुए उन्होंने ब्लैक फंगस की रोकथाम, टीकाकरण, सामान्य मरीजों के लिए अस्पतालों की ओपीडी खोलने समेत अन्य बिंदुओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि तीसरी लहर में बच्चों को खतरा ज्यादा होने की आशंका जताई जा रही है। इसलिए हमारी तैयारी पुख्ता होनी चाहिए।
प्रभारी मंत्री ने सभी अस्पतालों में आवश्यक चिकित्सा संसाधनों, बाल रोग विशेषज्ञ व अन्य सहयोगी स्टाफ, ऑक्सीजन बेड, आईसीयू, पिकू, निक्कू वार्डों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। कहा कि बच्चों के साथ परिजनों के रहने और उन्हें संक्रमण से बचाने के पुख्ता इंतजाम किए जाएं।
बच्चों के लिए गोली के स्थान पर चाइल्ड फ्रेंडली सीरप फॉर्म में दवा मंगाई जाए। उन्होंने चकराता और कालसी में डिजिटल एक्स-रे मशीन, सहयोगी स्टाफ व अन्य आवश्यक उपकरणों की व्यवस्था करने को कहा। साथ ही सहस्त्रधारा में एंबुलेंस खड़ी करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, सीडीओ नीतिका खंडेलवाल, सीएमओ डॉ. अनूप कुमार डिमरी, डॉ. दिनेश चौहान मौजूद रहे।